Coronavirus / कोरोना से इस राज्य में पहली मौत, दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रभावित राज्य

Zee News : Jun 23, 2020, 07:58 AM
Coronavirus: गोवा में सोमवार को COVID-19 से पहली मौत होने की जानकारी सामने आई। जबकि इस बीमारी से देशभर में मृतकों की संख्या में रिकॉर्ड 445 की वृद्धि हुई। वहीं दिल्ली, तमिलनाडु को पीछे छोड़कर दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बन गया, हालांकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में स्थिति धीरे-धीरे स्थिर हो रही है।

देश में सोमवार को COVID-19 के 14,821 मामले सामने आने के बाद घातक कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 4,25,282 हो गई है। देश में लगातार 11वें दिन 10,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। हालांकि केंद्र ने कहा कि प्रति लाख जनसंख्या में संक्रमण के मामले विश्व में देश में सबसे कम हैं।

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि 85 वर्षीय एक व्यक्ति ने सोमवार को गोवा में कोरोना वायरस से दम तोड़ दिया। यह गोवा में COVID-19 से होने वाली पहली मौत है। गोवा में COVID-19 के कुल 818 मामले सामने आए हैं। जिनमें से ऐसे मरीजों की संख्या 683 है, जिनका अभी इलाज चल रहा है। पहले तीन मामले 25 मार्च को एक ही दिन में सामने आए थे।

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में COVID-19 से 445 और मरीजों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13,699 हो गई है।
  • मंत्रालय ने अपने अपडेट में कहा कि ठीक हुए कुल मरीजों की संख्या 2,37,195 है और इस हिसाब से ठीक होने की दर 55.77 प्रतिशत है। वर्तमान समय में ऐसे मरीजों की संख्या 1,74,387 है, जिनका अभी इलाज चल रहा है और ये सभी चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
  • इसमें कहा गया है कि ठीक होने वाले मरीजों और उपचार करवा रहे COVID-19 मरीजों की संख्या में अंतर लगातार बढ़ रहा है। ठीक हुए मरीजों की संख्या इलाज करवा रहे मरीजों की संख्या से 62,808 अधिक है।
  • वहीं, अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 2,909 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढकर 62,655 हो गई जबकि 58 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 2,233 तक पहुंच गई।
  • COVID-19 के 62,655 मामलों के साथ, दिल्ली अब तमिलनाडु से आगे निकलकर महाराष्ट्र के बाद दूसरा सबसे अधिक वायरस प्रभावित राज्य बन गया है।
  • इसी तरह, सोमवार तक की मृतकों की संख्या के लिहाज से भी दिल्ली सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की सूची में दूसरे स्थान पर है।
  • अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 3000 नए मामले सामने आए, जिससे कुल मामले बढ़कर 59,746 हो गए।
  • केंद्रीय आंकड़ों के अनुसार तमिलनाडु में मामलों की संख्या 62,087 है जो कि देश में तीसरी सबसे अधिक है। वहीं मृतक संख्या 794 है।
  • मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं जहां कुल मामले 1,35,796 और मृतक संख्या 6,283 है।
  • मुंबई में मामलों की संख्या 67,635 थी और आशंका है कि दिल्ली के मामले अगले कुछ दिनों में इस शहर के आंकड़े को पार कर जाएंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER