नई दिल्ली / 87 साल के हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह पीएम मोदी ने दी बधाई

Live Hindustan : Sep 26, 2019, 11:43 AM
नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज जन्मदिन है और वह 87 साल के हो गए। मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत (अब पाकिस्तान) के एक गांव में हुआ था। 90 के दशक में देश में आर्थिक सुधारों के सूत्रधार माने जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह यूपीए के कार्यकाल में दो बार प्रधानमंत्री रह चुके हैं। मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को बधाई दी। उन्होंने मनमोहन सिंह के स्वस्थ्य जीवन की कामना की। 

फिलहाल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राजस्थान से राज्यसभा के सांसद हैं। मनमोहन सिंह 1991 में पहली बार असम से राज्यसभा सदस्य चुने गए।  इसके बाद 1995, 2001, 2007 और 2013 में वो फिर राज्यसभा से संसद पहुंचे। 1998 से 2004 तक जब बीजेपी सत्ता में थी वो राज्यसभा में विपक्षी नेता भी थे। साल 1991 से 1996 तक मनमोहन सिंह ने भारत के वित्तमंत्री के रूप में काम किया। 

मनमोहन सिंह एक प्रोफेसर रह चुके हैं। अर्थशास्त्र में विशेषज्ञता हासिल करने के बाद उन्होंने कई सारी किताबें भी लिखीं। साल 1969 में वे भारत लौटे, इससे पहले वे यूएन में ट्रेड एंड डेपलेपमेंट के लिए काम कर रहे थे। यहां आने के बाद उन्होंने तीन साल तक दिल्ली स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स में प्रोफेसर के तौर पर अपना अनुभव बांटा।

हारना नहीं सीखा कभी, गरीबी को हराया

जो सफल होते हैं, वे लोग कड़ी मेहनत करते हैं। उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कई सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मनमोहन सिंह ने भी ऐसे ही कई सारी परेशानियां देखी हैं। ऐसे ही वे इतने सफल नहीं बने हैं। 12 साल तक एक गांव में रहने के बाद उन्होंने शहर की ओर रुख किया। बच्चों के लिए स्कूल जाना और शिक्षा लेना कितना जरूरी है, लेकिन सिंह ने स्कूल से शिक्षा की शुरुआत नहीं की और अगर स्कूल जाते भी थे तो उन्हें मीलों पैदल चलना होता था।

गौरतलब है कि मनमोहन सिंह ने अपनी उच्च शिक्षा विदेश से हासिल की। केंब्रीज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र की डिग्री हासिल करने के बाद उन्हें स्कॉलरशिप भी मिली थी। वे अपने शिक्षकों के प्रिय थे और छात्रों में लोकप्रिय। उन्हें वहां कई सारे सम्मान मिले और साल 1955-1957 के बीच उन्हें स्कॉलरशिप दी गई। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने वाले मनमोहन सिंह ने अर्थशास्त्र में थिसिस जमा की।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER