नई दिल्ली / सर्राफा, सोने का भाव 1113 रु बढ़कर 37920 रु प्रति 10 ग्राम हुआ, यह अब तक का सबसे ज्यादा

Dainik Bhaskar : Aug 08, 2019, 10:46 AM
नई दिल्ली. सोने का भाव बुधवार को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाले सोने का रेट 1,113 रुपए बढ़कर 37,920 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट सुरेंद्र जैन के मुताबिक यह अब तक का सबसे ज्यादा रेट है। 99.5% शुद्ध सोने की कीमत 1,115 रुपए बढ़कर 37,750 रुपए हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी और स्थानीय ज्वेलर्स की ओर से लगातार खरीदारी के चलते रेट में इजाफा हुआ।

चांदी के भाव में 650 रुपए की तेजी

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल के मुताबिक अमेरिका-चीन के ट्रेड वॉर की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसलिए, सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने में इन्वेस्टमेंट बढ़ रहा है। न्यूयॉर्क में सोने का भाव बुधवार को 1,487.20 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया।

दिल्ली में चांदी की कीमत में बुधवार को 650 रुपए का उछाल आया। इस तेजी से भाव 43,670 रुपए प्रति किलो हो गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं द्वारा मांग बढ़ने से चांदी के रेट में तेजी आई। साप्ताहिक डिलीवरी के लिए चांदी का वायदा भाव 694 रुपए बढ़कर 42,985 रुपए प्रति किलो हो गया।

सॉवरेन गोल्ड में 200 रुपए की तेजी आई। रेट 27,800 रुपए प्रति 8 ग्राम पहुंच गया। चांदी के सिक्कों के भाव में  1,000 रुपए का उछाल आया। खरीदारी के लिए भाव 86,000 रुपए प्रति सैंकड़ा और बिकवाली के लिए 87,000 रुपए हो गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER