देश / हरियाणा में 12 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, 5 जुलाई से सीए की परीक्षा के आयोजन की अनुमति

Zoom News : Jul 05, 2021, 06:34 AM
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने रविवार को राज्य में चल रहे लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए 12 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है। हालांकि, सरकार ने कुछ रियायतें भी दी हैं। इस दौरान कोरोना नियमों का पालन करना होगा। आदेश के अनुसार, हिसार स्थित मिलिट्री स्टेशन के सेना भर्ती कार्यालय को हिसार में समेकित प्रवेश परीक्षा (सीईई) कराने की अनुमति होगी।

हरियाणा में सभी दुकानों को खोलने की अनुमति होगी। इसके लिए समय सुबह नौ से रात आठ बजे तक का निर्धारित किया है। वहीं, मॉल्स सुबह 10 से रात आठ बजे तक खुलेंगे। रेस्टोरेंट और बार 50 फीसदी क्षमता व कोरोना गाइडलाइन के साथ सुबह 10 से रात 10 बजे तक खोलने की अनुमति है। कोरोना के बचाव के नियमों का पालन करना होगा। सरकार ने धार्मिक स्थलों को भी खोलने की मंजूरी दी है। हालांकि, 50 लोगों को ही एक बार में प्रवेश दिया जाएगा। अंतिम संस्कार में भी 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। सरकार ने बारात की अनुमति नहीं दी है। कॉरपोरेट दफ्तर पूरी क्षमता से खुलेंगे।

क्लब हाउस, रेस्तरां, बार और गोल्फ कोर्स को भी 50 प्रतिशत लोगों की अनुमति के साथ सुबह 10 से रात दस बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है।  जिम सुबह छह से रात आठ बजे तक खुल सकेंगे। सभी प्रकाशन, उद्योग और निर्माण इकाइयों को कोविड नियमों के पालन के साथ काम करने की छूट दी गई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER