Hathras Gangrape / यूपी पुलिस ने पीड़िता के घरवालों के जख्मों पर लगाया नमक, आधी रात में जबरन किया अंतिम संस्कार

Zoom News : Sep 30, 2020, 10:01 AM
Hathras Gangrape: गैंगरेप पीड़ित लड़की की कल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई थी। उसका शव रात को ही उसके गांव पहुंचाया गया लेकिन आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने आधी रात को ही लड़की के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया, वो भी उसके घरवालों की मर्जी के बगैर।

घरवाले इस बात पर अड़े थे कि वो अपनी बेटी का शव घर ले जाएंगे लेकिन प्रशासन शव को घर ले जाए बगैर अंतिम संस्कार पर अड़ा रहा। इस बात को लेकर लड़की के परिजनों और पुलिस के बीच काफी देर तक जिरह भी हुई। प्रशासन ने भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच आधी रात को लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया।

लड़की के पिता का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बेटी के अंतिम संस्कार के लिए नहीं जाने दिया। उन्हें घर में बंद कर दिया। लड़की के चाचा का कहना है कि जब प्रशासन और पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया तब वो मौके पर देखने गए। पुलिस ने उनकी फोटो खींची और वीडियो बनाया। ये दिखाने के लिए कि अंतिम संस्कार परिजनों की मौजूदगी में हुआ।

पुलिस ने अपनी मर्जी से हैवानियत की शिकार लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया। घरवाले गुहार लगाते रहे। वो भीख मांगते रहे कि 15 मिनट के लिए बेटी के आखिरी दर्शन कर लेने दिए जाएं, लेकिन पहले से ही आरोपों में घिरी पुलिस को ये कतई मंजूर नहीं हुआ।

क्या है पूरा मामला

हाथरस जिले के चंदपा थाने के गांव में 14 सितंबर की सुबह 19 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गाय। परिवार वालों का आरोप है कि सुबह साढ़े नौ बजे के करीब चार दबंगों ने लड़की के साथ गैंग रेप और दरिंदगी की। घटना के 9 दिन बाद लड़की होश में आई तो इशारों से अपना दर्द बयान किया।

पीड़िता को पहले अलीगढ़ में इलाज के लिए भेजा गया और वहां हालात बिगड़ने पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भेजा गया,

लेकिन अफसोस, यहां भी उस पीड़िता को बचाया नहीं जा सका और कल सुबह उस लड़की ने दम तोड़ दिया। हाथरस पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपा रही है। योगी सरकार दस लाख रुपये मुआवजे का एलान भी कर चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER