देश / CM केजरीवाल कांग्रेस पर साधा निशाना- देश को नहीं दे सकती कोई भविष्य

Zoom News : Nov 20, 2020, 09:40 PM
नई दिल्ली | बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी के कई नेताओं की नाराजगी सामने आने के बाद, अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा है कि कांग्रेस देश को भविष्य नहीं दे सकती है। उसका कोई माई-बाप तक नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस या बीजेपी किसी को भी वोट देती है, लेकिन सरकार बीजेपी की ही बनती है। कांग्रेस के विधायक बाद में अलग होकर बीजेपी में शामिल हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हिन्दुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2020 में कहा, ''कांग्रेस पूरी तरह से ढहती जा रही है। चाहे वोट कांग्रेस को दो या फिर बीजेपी को, सरकार बीजेपी की ही बनती है। कांग्रेस के विधायक बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। कांग्रेस देश का भविष्य नहीं हो सकती है।''

वहीं, जब केजरीवाल से राष्ट्रीय राजनीति में आम आदमी पार्टी के रोल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह तो समय बताएगा कि हमारा रोल कैसा होगा। उन्होंने कहा, ''आम आदमी पार्टी एक छोटी पार्टी है। संगठन के तौर पर हमारा ज्यादा विस्तार नहीं है, लेकिन दिल्ली के कामों ने पूरे देश के लोग इज्जत से आम आदमी पार्टी को देखते हैं। मुझे यह उम्मीद है कि देश के लोग विकल्प जरूर देंगे।''

केजरीवाल के इस बयान से कुछ दिन पहले कई कांग्रेस के नेता अपनी ही पार्टी पर नाराजगी जता चुके हैं। हाल में बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात आदि जैसे राज्यों में हुए विधानसभा और उपचुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह से हार हुई है। बीते कुछ वर्षों में कांग्रेस से कई दिग्गज नेता पार्टी का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे राज्यों में पार्टी के कई विधायक कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में चले गए। मध्य प्रदेश के 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद, इस साल मार्च में कांग्रेस के कई विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद राज्य में सरकार गिर गई थी। वहीं, कई अन्य राज्यों में भी कांग्रेस के नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।

दिवाली पर पूजा करने पर क्या बोले केजरीवाल?

दिवाली के मौके पर पूजा करने के सवाल पर कहा कि इससे अच्छी बात क्या हो सकती है। उन्होंने कहा, ''पूजा करने से कुछ लोगों को ऐतराज क्यों हो रहा है? अच्छी चीज की है। दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने मिलकर एक साथ लक्ष्मी पूजन किया। लोगों को पूजा करनी चाहिए क्योंकि इससे मन को शांति मिलती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER