COVID-19 Update / अगस्त में पहले नंबर पर भारत, दुनिया में सबसे ज्यादा नए केस हमारे देश में आए

News18 : Aug 09, 2020, 04:36 PM
नई दिल्ली। यकीनन, यह बुरी खबर है। और डरावनी भी। हम दुनिया में ऐसी बात पर नंबर-1 हो गए हैं, जो कतई गर्व की नहीं है। सिर्फ चिंता की बात है। हमारे देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) की रफ्तार अब पूरी दुनिया से ज्यादा है। अगस्त के महीने में भारत (India) में दुनिया के किसी भी देश के मुकाबले कोरोना के ज्यादा पॉजिटिव केस आए हैं। हालांकि, सबसे अधिक केस के मामले में अमेरिका (America) अब भी पहले नंबर पर बना हुआ है। ब्राजील (Brazil) दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर बरकरार है। लेकिन ब्राजील और भारत के बीच जिस तेजी से फासला कम हो रहा है। उससे लगता है कि वह दिन नजदीक ही है, जब हम ब्राजील को पछाड़कर कर दुनिया में दूसरे नंबर पर आ जाएंगे।

भारत में शुक्रवार को 65 हजार से अधिक कोरोना केस आए। इसके साथ ही देश में कोविड-19 (Covid-19) के कुल केस 21 लाख 52 हजार हो गए। इस सप्ताह भारत में लगातार 60 हजार से अधिक केस आ रहे हैं। हालांकि, देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सरकार भी लोगों में भरोसा और सकारात्मकता बनाए रखने के लिए ज्यादातर रिकवर्ड केस की बात करती रही है। लेकिन बढ़ते कोरोना केस और इससे होने वाली मौत में बढ़ोतरी, रिकवरी रेट से मिलने वाले राहत के एहसास को कम कर रहे हैं। वैसे भी, सिर्फ भारत के आंकड़ों से ही देश में कोरोना के हालात का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इसके लिए जरूरी है कि दुनिया से भारत की तुलना की जाए।


भारत में 8 दिन में 4.55 लाख केस आए

आज अगस्त की नौवीं तारीख है। इस दिन के आंकड़े रात में अपडेट होंगे। इसलिए अगस्त के शुरुआती आठ दिन की बात करते हैं। भारत में इन 8 दिनों में कुल 4.55 लाख कोरोना केस आए। यानी, औसतन रोजाना 57 हजार केस। लेकिन औसत पर भी मत जाइए। इसके ट्रेंड्स को देखिए। इसकी रफ्तार को समझिए। देश में एक अगस्त को 54 हजार के करीब केस आए थे, जो आठ अगस्त को 65 हजार पार हो गए। यह रफ्तार डरावनी है। देश में 31 जुलाई को कुल 16.97 लाख केस थे, जो 8 अगस्त खत्म होते-होते 21.52 लाख हो गए हैं।

भारत में ब्राजील से ज्यादा नए केस

दुनिया में कोरोना वायरस के 50% से ज्यादा केस सिर्फ तीन देशों में हैं। ये देश भारत, ब्राजील और अमेरिका हैं। बाकी देश इनके आसपास भी नहीं हैं। इसलिए हम यहां भारत, ब्राजील और अमेरिका की ही तुलना कर रहे हैं। जैसा कि आपको पता है- भारत में अगस्त के 8 दिनों में 4.55 लाख नए केस आए। इसी दौरान ब्राजील में 3.47 लाख और अमेरिका में 4.42 लाख केस आए। इसके साथ ही ब्राजील में कुल केस 30.13 लाख हो गए हैं। अमेरिका में कुल 51.49 लाख केस हैं। साफ है कि कुल केस के मामले में अमेरिका, अभी भारत या ब्राजील से बहुत आगे हैं। लेकिन नए केस के मामले में भारत ने अमेरिका और ब्राजील को भी पीछे छोड़ दिया है।


दुनिया में 8 दिन में 20 लाख केस आए

अब अगस्त के दुनिया के आंकड़ों पर नजर डालिए। इस महीने दुनिया में 20 लाख से ज्यादा नए केस आए। एक अगस्त को दुनिया में 1.77 करोड़ केस थे, जो 8 अगस्त को बढ़कर 1.97 करोड़ हो गए। आज देर रात तक दुनिया में 2 करोड़ केस हो सकते हैं। इस लिहाज से भारत में दुनिया के 11% केस हैं। लेकिन अगर अगस्त में बढ़े नए की बात करें तो भारत का योगदान कहीं ज्यादा हो जाता है। दुनिया में अगस्त में आए नए केस में 25% से ज्यादा भारत में आए हैं।

ब्राजील से आगे निकलने की राह पर भारत

एक नजर भारत और ब्राजील के फासले पर डालते हैं। 31 जुलाई को ब्राजील में 26.66 लाख और भारत में 16.97 लाख केस थे। यानी, इस दिन दोनों देशों के बीच करीब 9.70 लाख केस का फासला था। यह फासला 8 अगस्त के खत्म होने तक 8.61 लाख केस का रह गया। यानी, तकरीबन एक सप्ताह में एक लाख का फासला कम हो गया। अगर दोनों देशों में कोरोना की यही रफ्तार रही, तो भारत 8 सप्ताह में ब्राजील को पीछे छोड़ देगा। लेकिन इस अनुमान का आधार मौजूदा आंकड़े या औसत हैं। भारत में नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में वह इस अनुमान से पहले भी ब्राजील से आगे निकल सकता है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER