देश में कोरोना के मामले 8 लाख के पार / देश में हर 10 लाख की आबादी में 578 संक्रमित मिल रहे, 16 की मौत हो रही; अब तक 5 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए

Zoom News : Jul 10, 2020, 10:20 PM

शुक्रवार को कोरोना से जुड़ी एक साथ दो खबरें सामने आईं। इसमें एक बुरी खबर है और एक अच्छी। अच्छी खबर यह कि देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा 5 लाख के पार हो गया। मतलब अभी तक जितने लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें से 62% से ज्यादा लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। राहत की बात है कि यह रफ्तार लगातार बढ़ रही है। 

बुरी खबर यह कि देश में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 8 लाख के पार हो गया। इस बार महज 4 दिनों में ही मरीजों की संख्या 7 लाख से बढ़कर 8 लाख हो गई। अब हर 10 लाख की आबादी में 578 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। 16 मरीजों की मौत हो रही है। 


हर दो दिन में 50 हजार केस बढ़ रहे
देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया।
इसके बाद संक्रमितों की संख्या 2 से बढ़कर 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे। केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है।
5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। इस बार 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। मतलब हर दो दिन में औसतन 50 हजार केस सामने आए।


अब तक एक करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट, इसमें 7.2% लोग पॉजिटिव निकले
भारत के लिए एक और राहत की बात है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश होने के बावजूद यहां संक्रमण का स्तर अन्य देशों के मुकाबले काफी कम हैं। भारत में अब तक एक करोड़ 11 लाख लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। इनमें सिर्फ 7.2% लोग ही संक्रमित मिले। अमेरिका में 4 करोड़ टेस्टिंग हुई है और इनमें 8.01% लोग पॉजिटिव पाए गए। सबसे खराब हालत ब्राजील की है। यहां अब तक 45 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 38.96% लोग संक्रमित मिले हैं।   


दुनिया के 202 देशों से ज्यादा केवल महाराष्ट्र में संक्रमित
www.worldometers ने दुनिया के 215 देशों और आईलैंड में संक्रमितों का आंकड़ा जारी किया है। इसमें 202 देश ऐसे हैं जहां महाराष्ट्र राज्य से भी कम संक्रमित हैं। केवल 13 देश ऐसे हैं जहां महाराष्ट्र से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। भारत में कुल संक्रमितों में 29.44% लोग महाराष्ट्र से ही हैं। मौत के आंकड़ों को देखें तो अब तक हुई कुल मौतों में 44.85% लोग इसी राज्य से थे। देश का दूसरा सबसे संक्रमित राज्य तमिलनाडु है। 8 लाख संक्रमितों में 15.82% लोग यहीं से हैं। देश की राजधानी दिल्ली के 13.38% संक्रमित हैं।


आधे से ज्यादा मरीज ठीक हो गए, 2.75% मरीजों की मौत
देश में कोरोना मरीजों की संख्या 8 लाख से ज्यादा हो गई है। इनमें से 5 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अभी इनमें से केवल 2.80 लाख मरीजों का देश के अलग-अलग अस्पतालों में या घरों पर इलाज चल रहा है। 2.75% मरीजों ने दम तोड़ दिया। उधर, अमेरिका का डेथ रेट सबसे ज्यादा 4.21% है। ब्राजील में अब तक 3.93% मरीजों की जान जा चुकी है। 

62% मरीज ठीक हो गए, हर 4 दिन में 60 हजार लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हो रहे 


महीना    

संक्रमित

ठीक हुए (%)  

मार्च

1,635

9.7%

अप्रैल

34,867

25.98%

मई  

1.90 लाख

48.18%

जून

5.67 लाख

61.28%

10 जुलाई  

8+ लाख

62%

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER