Coronavirus / कोरोना केस में दिल्ली अब नंबर 2, मुंबई पहले स्थान पर, टॉप 10 में हैं ये शहर

News18 : May 29, 2020, 02:38 PM
नई दिल्ली। कोरोना वायरस (Coronavirus) की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 24 घंटे में 7 हज़ार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इस बीच मुंबई के बाद अब दिल्ली (Delhi) के भी आंकड़े डराने लगे हैं। गुरुवार को दिल्ली में एक हज़ार से ज्यादा नए मामले सामने आए। उधर, अहमदाबाद में भी मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। गुजरात के सबसे ज्यादा नए मामले अहमदाबाद से ही आ रहे हैं। जबकि महाराष्ट्र के 60 फीसदी केस मुंबई से आ रहे हैं। अब देश के कई बड़े शहरों से डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं।

दिल्ली में कोरोना का कहर

सबसे ज्यादा हैरान कर देने वाले आंकड़े दिल्ली से आ रहे हैं। ये वो राज्य जहां लॉकडाउन के चौथे चरण में सबसे ज्यादा छूट दी गई है। पिछले 10 दिनों से राजधानी दिल्ली से हर दिन 500 से ज्यादा केस आ रहे हैं। बुधवार के यहां 792 केस सामने आए और इसके बाद गुरुवार को नए मरीजों की संख्या में 1024 का इजाफा हुआ।

महानगरों की बात की जाए मुंबई के बाद अब कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज़ दिल्ली में हैं। मुंबई में 35 हज़ार से ज्यादा केस हैं जबकि दिल्ली में कुल आंकड़ा 16 281 पर पहुंच गया है। देश के टॉप 5 शहरों में इसके बाद चेन्नई, अहमदाबाद और पुणे की बारी आती है।

दिल्ली से परेशान हरियाणा!

दिल्ली में बढ़ते मरीजों की संख्या का असर हरियाणा के कई शहरों पर दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों से गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़त देखी जा रही है। हरियाणा में गुरुवार को कोरोना के नए मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड इज़ाफा हुआ। पिछले 24 घंटे में यहां 123 नए केस सामने आए हैं। जिसमें से 92 केस गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत के हैं।

बिहार में भी बढ़ रहे हैं मामले

दिल्ली के लिए फिलहाल राहत की बात ये है कि यहां मरीजों की संख्या में इज़ाफे की दर 4।89 है। जबकि देश का ये आंकड़ा 5।02 फीसदी है। जिन राज्यों में देश के मुकाबले मरीजों की संख्या में ज्यादा इज़ाफा हो रहा है। वो हैं बिहार, असम, केरल और महाराष्ट्र। और ओडिशा देश की चिंता बढ़ा रही है। यहां प्रवासी मजदूरों के आने के बाद कोरोना के नए मरीजों की संख्या में लगातार बढ़त देखी जा रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER