कोरोना वायरस / देश में 132 दिन बाद कोविड-19 के 30,000 से कम दैनिक मामले दर्ज, पॉजिटिविटी रेट 1.73% हुई

Zoom News : Jul 27, 2021, 10:24 AM
नई दिल्ली: देश में मंगलवार को कोरोना के 29,689 केस दर्ज किए गए। इस दौरान 42,363 संक्रमित ठीक भी हुए। इस समय देश में महामारी का पॉजिटिविटी रेट 1.73% पर बना हुआ है। बता दें कि इससे पहले सोमवार को 39,361 नए केस और रविवार को भी 39,742 नए केस पाए गए थे। ऐसे में कहा जा सकता है कि आज का आंकड़ा काफी राहत देने वाला है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 13,089 एक्टिव मामलों की कमी आई। अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में फिलहाल 3,98,100 एक्टिव केस,3,06,21,469 डिस्चार्ज और 4,21,38 मृतकों की संख्या है। देश में अब तक कोरोना के कुल पुष्ट मामले 31,440,951 हो चुके हैं। वहीं ICMR के अनुसार देश में सोमवार को 17,20,110 सैंपल्स की जांच हुई। अब तक पूरे देश में 4,59,16,4121 सैंपल्स की जांच हुई।

मंत्रालय के अनुसार भारत में नए कोरोना मामलो की तुलना में कोविड मरीजों के ठीक होने की दर अधिक है। देश में इस समय कोरोना का रिकवरी रेट 97.39% पर बना हुआ है। वहीं कुल 124 दिन बाद कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 4 लाख से नीचे आकर 3.98 लाख हो गई है। ये कुल मामलों का 1.27 प्रतिशत है।

महाराष्ट्र में 1 करोड़ लोगों को मिलीं दोनों खुराक

मंत्रालय ने अपने नए कोविड -19 टीकाकरण डेटा के अनुसार बताया है कि, “आज की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि में, महाराष्ट्र कोविड -19 वैक्सीन की दोनों खुराक के साथ पूरे 1 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण करने वाला पहला राज्य बन गया है।”  पिछले सप्ताह में, भारत में एक दिन में औसतन 41 लाख वैक्सीन की खुराकें दीं गईं। हालांकि, ये आंकड़ा 26 जून को समाप्त सात दिनों में दर्ज एवरेज 65 लाख खुराकों की तुलना में बहुत कम।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER