जयपुर / ब्रह्माकुमारीज की पहल | म्हारो राजस्थान, समृद्ध राजस्थान अभियान से खुलेगा खुशहाली का रास्ता

Zoom News : Sep 02, 2019, 06:22 PM
आबू रोड/जयपुर। किसी भी प्रदेश की खुशहाली और विकास वहॉं की व्यवस्था, लोगों में जागरूकता और सजगता से होता है। इसी कड़ी  में राजस्थान में खुशहाली और विकास के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्थान के सोशल एक्टिविटी ग्रुप, मेडिकल प्रभाग, ग्राम विकास के साथ समाज सेवा प्रभाग ने बड़ा अभियान चलाकर पूरे प्रदेश के कोने-कोने में लोगों को सर्वागिण स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, व्यसनमुक्ति, किसान सशक्तिकरण, उर्जा संवर्धन के लिए प्रेरित करने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के उद्देश्य से 6 अभियानों के जरिए प्रदेश के 33 जिलों के लोगों को तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
20 दिन तक चलने वाले इस अभियान का शुभारम्भ प्रदेश की राजधानी जयपुर से 4 सितम्बर को होगा। इन सभी ज्वलंत विषयों पर 6 अभियान निकाले जा रहे हैं। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस अभियान के दौरान स्थानीय लोगों, स्कूलों, कालेजो, विश्वविद्यालयों, सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके साथ साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षित भी किया जायेगा। 
इन विषयों पर होंगे कार्यक्रम: इस अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, मेडिकल कैम्प, व्यसनमुक्ति, किसान सशक्तिकरण-शाश्वत यौगिक खेती, उर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, ह्दयरोग निवारण, कौशल विकास, तनावमुक्ति, खुशहाल जीवन तथा मूल्यों की शिक्षा पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जायेगा।
ऐसे होगें अभियान रथ: इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए छ बसों को अच्छी तरह से सजाया गया है। जिसमें अभियान यात्री सवार होंगे जिससे जयपुर से हरी झंडी दिखाकर अतिथियों द्वारा शुभारम्भ किया जायेगा। सम्बन्धित विषय पर पेंटिंग कर बस को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। 
जयपुर से इन जगहों के लिए जायेगा अभियान: छ: अभियानों को अलग अलग रूटों के हिसाब से बांटा गया है। पहला अभियान जयपुर से बीकानेर, दूसरा जयपुर से अलवर, तीसरा जयपुर से डूंगरपुर, चौथा जयपुर से उदयपुर, पांचवां जयपुर से माउण्ट आबू तथा छठा जयपुर से बाड़मेर सांचौर के लिए होगा। 
एक अभियान में होंगे दस यात्री: हर एक अभियान में 10 लोगों की टीम बनायी गयी है। ये टीम के सदस्य सम्बन्धित विषयों के विशेषज्ञ होंगे। साथ ही नशामुक्ति तथा ह्दयरोग की जानकारी के लिए विशेष विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है।
संस्थान के सेवाकेन्द्र करेंगे आगवानी: ब्रह्माकुमारीज संस्थान के 33 जिलों में फैले सेवाकेन्द्र अपने अपने क्षेत्र की आगवानी करेंगे तथा सम्बन्धिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा। प्रत्येक जिले एवं तहसील में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। 
प्रतिदिन होंगे 50 कार्यक्रम: इस अभियान के दौरान अलग अलग क्षेत्रों में प्रतिदिन सम्बन्धित विषयों पर पंचास कार्यक्रम आयेाजित किये जायेंगे। जिसमें उपस्थित लोगों को जागरूक किया जायेगा।
24 सितम्बर को समापन आबू रोड में: इन सभी अभियानों का समापन 24 सितम्बर को ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अन्तर्राष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन आबू रोड में किया जायेगा। इस समापन में प्रत्येक अभियान तथा स्थानों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER