कोलकाता / कोलकाता ने मुंबई को 4 साल बाद हराया

Dainik Bhaskar : Apr 29, 2019, 09:49 AM
खेल डेस्क. आईपीएल के 47वें मुकाबले में रविवार को ईडन गार्डन्स पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 34 रन से हरा दिया। कोलकाता ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी 100वीं जीत दर्ज की। वह ऐसा करने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले मुंबई और चेन्नई सुपरकिंग्स 100 या उससे ज्यादा मैच जीत चुकी है। मुंबई के खिलाफ कोलकाता को चार साल बाद जीत मिली। उसे पिछली सफलता इसी मैदान पर 2015 में मिली थी।

कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 232 रन बनाए। मुंबई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 198 रन ही बना सकी। इस मैच के हीरो आंद्रे रसेल रहे। उन्होंने 80 रन बनाए और दो विकेट भी लिए। रसेल ने हार्दिक पंड्या और क्विंटन डीकॉक का कैच भी लिया।

अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंचा कोलकाता

इस जीत के साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा है। उसके 12 मैच में पांच जीत के साथ 10 अंक हो गए। वह अंक तालिका में सातवें से पांचवें स्थान पर पहुंच गया। वहीं, मुंबई की टीम इतने ही मैच में सात जीत के साथ तीसरे स्थान पर बरकरार है। उसके 14 अंक हैं।

हार्दिक ने छह चौके और नौ छक्के लगाए

मुंबई के हार्दिक पंड्या ने शतक से चूक गए। उन्होंने 34 गेंद की पारी में 91 रन बनाए। इस दौरान छह चौके और नौ छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 26 रन का योगदान दिया। कोलकाता के लिए रसेल के अलावा हैरी गर्नी और सुनील नरेन ने 2-2 विकेट लिए। पीयूष चावला को एक सफलता मिली।

क्विंटन डीकॉक खाता भी नहीं खोल सके

इससे पहले मुंबई की खराब शुरुआत रही। क्विंटन डीकॉक खाता खोले बिना नरेन की गेंद पर आउट हो गए। कप्तान रोहित शर्मा नौ गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हैरी गर्नी ने पवेलियन भेजा। आंद्रे रसेल ने इविन लेविस (15) और सूर्यकुमार को पवेलियन भेजा। कीरोन पोलार्ड (20) को नरेन ने आउट किया। क्रुणाल पंड्या (24) को पीयूष चावला ने आउट किया।

रसेल के सीजन में 50 छक्के पूरे

कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए। उन्होंने 40 गेंद की पारी में छह चौके और आठ छक्के लगाए। यह आईपीएल में उनका 8वां अर्धशतक है। रसेल ने सीजन में 50 छक्के पूरे कर लिए। कप्तान दिनेश कार्तिक सात गेंद पर 15 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए राहुल चाहर और हार्दिक पंड्या ने एक-एक विकेट लिए।

गिल-लिन ने 96 रन की साझेदारी की

इससे पहले शुभमन गिल और क्रिस लिन ने टीम को तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 96 रन की साझेदारी की। लिन 54 रन बनाकर राहुल की गेंद पर आउट हुए। यह उनका 10वां अर्धशतक है। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। शुभमन गिल ने 76 रन बनाए। उन्होने 45 गेंद की पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। उन्हें हार्दिक पंड्या ने पवेलियन भेजा। वहीं, मुंबई के रोहित शर्मा का कप्तान के रुप में यह 100वां मैच है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER