मोहाली / पंजाब ने मुंबई को 8 विकेट से हराया, गेल 300 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज

Dainik Bhaskar : Mar 31, 2019, 01:29 AM
  • मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बनाए, पंजाब ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया
  • मुंबई के लिए डीकॉक ने 60 रन बनाए, पंजाब के लिए राहुल ने अर्धशतकीय पारी खेली
  • गेल के 115 मैचों में 302 छक्के, डिविलियर्स 192 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर
आईपीएल के 9वें मैच में कि्ंग्स इलेवन पंजाब ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से हरा दिया। 177 रन के लक्ष्य को पंजाब ने 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही पंजाब ने मुंबई के खिलाफ लगातार दो हार के क्रम को तोड़ दिया। पिछले सीजन में मुंबई ने उसे दोनों मुकाबलों में हराया था। पंजाब की टीम ने इस आईपीएल में तीन मैच में दूसरी जीत दर्ज की। उसने पहले मैच में राजस्थान को हराया था। जबकि, दूसरे मुकाबले में कोलकाता के हाथों हार मिली थी। वहीं, मुंबई तीन मैच में दूसरी बार हारी। उसे पहले मैच में दिल्ली ने हराया था। दूसरे मुकाबले में उसने बेंगलुरु को हराया था।

पंजाब के क्रिस गेल 24 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। गेल के नाम 115 मुकाबलों में 302 छक्के हो गए। दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एबी डिविलियर्स हैं। उन्होंने 143 मैच में 192 छक्के लगाए हैं। लोकेश राहुल 71 रन बनाकर नाबाद रहे। मयंक अग्रवाल ने 43 और डेविड मिलर ने 15 रन का योगदान दिया। मुंबई के क्रुणाल पंड्या ने दो विकेट लिए।

डीकॉक ने आईपीएल में अपना 7वां अर्धशतक लगाया

मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बनाए। क्विंटन डीकॉक ने सर्वाधिक 60 रन बनाए हैं। यह आईपीएल में उनका 7वां अर्धशतक है। उनका विकेट मोहम्मद शमी ने लिया। टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने 32 और हार्दिक पंड्या ने 31 रन का योगदान दिया। पंजाब के लिए मुरुगन अश्विन, हार्डुस विलजोएन और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए।

डीकॉक ने दो खिलाड़ियों के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की

रोहित और डीकॉक ने पहले विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। रोहित को विलजोएन ने आउट किया। उनके बाद सूर्यकुमार यादव 11 रन बनाकर मुरुगन अश्विन की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद युवराज सिंह और डीकॉक ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। युवराज 22 गेंद पर 18 रन बनाकर मुरुगन अश्विन का शिकार बने। हार्दिक ने आखिरी ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी की। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया।

पंजाब ने एक बदलाव किया, वरुण की जगह मुरुगन टीम में

इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने टीम में एक बदलाव करते हुए वरुण चक्रवर्ती की जगह मुरुगन अश्विन को टीम में शामिल किया। वहीं, मुंबई ने कोई बदलाव नहीं किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER