Rajasthan / लॉकडाउन-3.0 का आज आखिरी दिन, कल से मिल सकती है ज्यादा छूट

News18 : May 17, 2020, 07:29 AM
जयपुर। रविवार 17 मई को लॉकडाउन-3.0 (Lockdown) का आखिरी दिन है। इसके बाद सोमवार (18 मई) से देश में लॉकडाउन-4.0 के अमल में आने की संभावना है। केंद्र सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए रियायतों के साथ देश में लॉकडाउन-4.0 लागू करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने नए स्‍वरूप के साथ लॉकडाउन-4.0 को लागू करने के संकेत दिए थे।

केंद्र सरकार ने लॉकडाउन-1 में अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी चीजों पर पाबंदी लगा दी थी। लॉकडाउन-2।0 में विशेष परिस्थितियों में लोगों को आवाजाही करने की छूट प्रदान की गई थी। उसके बाद लॉकडाउन-3।0 में रियायतों का दायरा बढ़ाया गया था। शराब समेत अन्य कई तरह की दुकानें खोलने की छूट दी गई थी। वहीं अब 18 मई से लागू होने वाले लॉकडाउन-4 में बहुत सी रियायतें मिलने की संभावनाएं हैं। इनमें कुछ चीजों से पाबंदी पूरी तरह से हट सकती है, वहीं कुछ में आंशिक छूट मिल सकती है।

ये छूट मिलने की है संभावनाएं

- ग्रीन जोन पूरी तरह खुल सकता है।

- ऑरेंज जोन में पाबंदियां कम हो सकती हैं।

- रेड जोन में सैलून-टैक्सी को छूट संभव हो सकती है।

- हेयर कटिंग और चश्में की दुकानें खोलने की छूट मिल सकती है।

- सख्ती सिर्फ कंटेनमेंट एरिया तक ही सीमित रहने की संभावना है।

- कंटेनमेंट एरिया के बाहर सीमित क्षमता के साथ मेट्रो भी चल सकती है।

- सवारियों की संख्या पर पाबंदी के साथ रेड जोन में ऑटो-टैक्सी को छूट संभव

है।

सीएम अशोक गहलोत ने दिए थे ये सुझाव

राज्य सरकार ने संक्रमण के आधार पर ग्रीन, ऑरेंज और रेड जोन खुद ही तय करने की छूट मांगी है। सीएम गहलोत ने कहा कि राज्यों को तय करने दे लॉकडाउन में कैसे आगे बढ़ा जाए। केन्द्र कोरोना वायरस को लेकर एडवाइजरी जारी करे। इस एडवाइजरी को किस तरह से लागू करना है यह राज्य को यह तय करने दें कि उन्हें किस जोन को किस श्रेणी में रखना है। इसका अधिकार राज्य सरकार को दिया जाए

राज्य में 4960 है कोरोना पॉजिटिव की संख्या

प्रदेश में 16 मई तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 4960 हो गई है। राजधानी जयपुर में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या सबसे ज्यादा है। प्रदेशभर में कोरोना से अब तक 126 लोगों की मौत हो गई है। 16 मई तक 2944 मरीज पॉजिटिव से नेगेटिव हो गए हैं। वहीं 2572 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। प्रदेश में अब 1890 एक्टिव केस हैं। 16 मई को 219 केस रिकवर हुए हैं। वहीं 151 को डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में प्रवासी पॉजिटिव की संख्या 384 तक पहुंच गई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER