अलवर / अलवर कोर्ट में भी आमने-सामने हुए वकील और पुलिसकर्मी, हाथापाई हुई

Dainik Bhaskar : Nov 07, 2019, 07:32 AM
अलवर | यहां बुधवार सुबह कोर्ट परिसर में पुलिस और वकील भिड़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मी और वकील के बीच हाथापाई भी हुई। वहीं एक महिला पुलिसकर्मी के साथ भी अभद्रता की गई है। इसके बाद अलवर पुलिस अधीक्षक पारिस देशमुख, जिला जज मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वकील प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तनाव हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा पुलिस के जवान एक केस के मामले में अलवर कोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान हरियाणा पुलिस के जवान को वकीलों द्वारा पीटने की बात कही जा रही है। जिसके बाद वकीलों और पुलिस में कहासुनी हो गई। पुलिस जवानों ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। विवाद बढ़ता देख कोर्ट में बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। इसके बाद वकील वहां से चले गए। जिसके बाद कलेक्ट्रेट और कोर्ट परिसर में जाब्ता तैनात कर दिया गया।

वहीं पुलिस उदय सिंह नाम के वकील को पकड़ कर ले गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक पारिस देशमुख समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसके कुछ देर बात वकील को छोड़ दिया गया। बता दें कि अलवर कलक्ट्रेट परिसर में ही कोर्ट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित है। ऐसे में उच्चाधिकारी लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER