इंसानियत शर्मसार / अब तेंदुए से बर्बरता, असम में पीट-पीट की हत्या; परेड निकाल निकाले नाखून-दांत

Jansatta : Jun 08, 2020, 11:53 AM
असम | जानवरों के साथ एक बार फिर बर्बरता का मामला सामने आया है। दरअसल असम में लोगों की भीड़ ने एक तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला। इतना ही नहीं तेंदुए को मारने के बाद उसके शव से दांत और नाखून निकालने के बाद परेड निकाली गई। फिलहाल मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की भी जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। यह घटना असम के गोरचुक के काथाबाड़ी इलाके की है।

पुलिस के अनुसार, 8 साल के तेंदुए को स्थानीय लोगों ने जाल में फंसाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। तेंदुए को मारने के बाद लोगों की भीड़ ने उसके दांत और नाखून निकाल लिए और उसकी परेड निकाली गई। इस घटना का वीडियो सोशल पर वायरल हो रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेंदुआ बहुत कमजोर था और शायद कई दिनों से भूखा भी था। फिलहाल तेंदुए को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की सही वजह पता चल सकेगी।

बता दें कि हाल के दिनों में जानवरों के साथ क्रूरता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले केरल में कुछ लोगों ने एक हथिनी को विस्फोटक से भरा अनानास खिला दिया था। जिससे हथिनी को गंभीर चोट आयी थी और फिर यही चोटें हथिनी की मौत का कारण बनी। हथिनी ने नदी के पानी के बीचों बीच खड़े होकर दम तोड़ दिया था। हथिनी गर्भवती थी। जैसे ही यह खबर सामने आयी सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

वहीं हथिनी वाले के केस के बाद हिमाचल में एक गाय के साथ भी ऐसी ही क्रूरता की गई। दरअसल कुछ शरारती तत्वों ने गाय को चारे के साथ विस्फोटक खिला दिया। जिससे गाय का पूरा जबड़ा ही गायब हो गया। गाय के मालिक ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER