डबल मर्डर केस / पुलिस का दावा- नाबालिग लड़की ने ही किया मां और भाई का कत्ल

ABP News : Aug 30, 2020, 10:09 AM
लखनऊ | लखनऊ के पॉश इलाके में हुए डबल मर्डर मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड के पीछे घर की नाबालिग बेटी का हाथ है। पुलिस के मुताबिक उसने ही अपनी मां और भाई का कत्ल किया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग लड़की डिप्रेशन की शिकार है।

प्रारंभिक जांच के बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने बताया कि रेलवे अधिकारी की नाबालिग बेटी ने ही मां और भाई की हत्या की है। उसने जुर्म भी कबूल कर लिया है। पांडे ने बताया कि लड़की ने अपने को भी घायल करने की कोशिश की है। इसीलिए अपने आप को रेजर से कई जगह काटा है। वह डिप्रेशन में है और उसे बाल सुरक्षा गृह भेजा जाएगा।

कमिश्नर सुजीत पांडे ने बताया कि इस पूरे अपराध के पीछे की वजह डिप्रेशन है। यहां तक की लड़की ने वॉशरूम की दीवार पर अपने लिए 'डिस्क्वालीफाइड ह्यूमन' भी लिखा था। उसने वॉशरूम के शीशे पर भी गोली चलाई।

गौरतलब है कि शनिवार को लखनऊ के सबसे पॉश इलाके गौतमपल्ली में एक डबल मर्डर को अंजाम दिया गया। यहां रेलवे के अधिकारी आरडी बाजपेयी की पत्नी और बेटे की हत्या कर दी गई है। इस डबल मर्डर की घटना के सामने आने के पूरे प्रदेश में मामला गरमा गया। दिनदहाड़े हुए डबल मर्डर को देख पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। पुलिस ने जल्द से पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी। जिसके बाद शाम को पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER