Overtakes China / भारत के इस राज्य ने चीन को भी छोड़ा पीछे, 3 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस

Live Hindustan : Jun 07, 2020, 08:18 PM
महाराष्ट्र में रविवार को 3 हजार से अधिक नए केस सामने आए और इससे यहां कुल संक्रमितों की संख्या 85,975 हो गई है। कोरोना केसों के मामले में अकेले महाराष्ट्र ने अब चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। 24 घंटे में यहां 3007 नए केस मिले हैं। इस दौरान 91 और मरीजों की मौते होने से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 3060 हो गई है।

महाराष्ट्र में अब तक 39314 लोग ठीक हुए हैं, जबकि राज्य में 43 हजार 591 एक्टिव केस हैं। यहां अब तक 5 लाख 51 हजार 647 लोगों की जांच हुई है। मुंबई में भी कोरोना केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को धारावी में भी 13 नए केस मिले। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती में अब तक 1912 लोग संक्रमित हो चुके हैं। यहां 71 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में कोरोना के सबसे अधिक केस महाराष्ट्र में ही हैं। यहां कोरोना केसों की संख्या इतनी तेजी से बढ़ रही है कि इसने अब चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। कोरोना वायरस के पहले केंद्र चीन में  83,036 लोग अभी तक संक्रमित हुए हैं। भारत में अब तक 2 लाख 46 हजार 628 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देश में 120406 एक्टिव केस हैं, जबकि 119293  लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 6929 लोगों की मौत हो चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER