जयपुर / महाराष्ट्र के विधायक जयपुर से मुंबई के लिए हुए रवाना, 5 दिन के स्टे को अच्छा बताया

Dainik Bhaskar : Nov 13, 2019, 03:08 PM
जयपुर. महाराष्ट्र के कांग्रेसी विधायक छठे दिन आमेर के पास स्थित एक रिजॉर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे साथ मौजूद रहे।  विधायकों के मुंबई जाने के लिए चार्टेड प्लेन की व्यवस्था की गई। इस दौरान विधायकों ने जयपुर में पांच दिन का स्टे बहुत ही अच्छा बताया। वहीं आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, मुख्य़ सचेतक महेश जोशी समेत कई नेता विधायकों को सीऑफ करने एय़रपोर्ट पहुंचे।

इससे पहले महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगने की घोषणा के बाद रिसोर्ट में ठहरे विधायक मंगलवार शाम छत पर आए। विधायकों ने हाथ से 'वी' यानि विजय मुद्रा को दिखाकर हाथों से अभिवादन किया। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, रघु शर्मा सहित महाराष्ट्र के विधायकों ने बताया कि महाराष्ट्र में भाजपा सरकार नहीं बनने देने में सफल हुए है। यह कांग्रेस की जीत है। 

जयपुर में ठहरे 40 कांग्रेस विधायक चाहते हैं- महाराष्ट्र में न हों तुरंत चुनाव, आखिरी फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ा

महाराष्ट्र में सत्ता का गणित बिगड़ने के बावजूद जयपुर में ठहरे महाराष्ट्र के 40 कांग्रेस विधायक तुरंत विधानसभा का चुनाव नहीं कराना चाहते। वे प्रदेश में स्थायी सरकार चाहते हैं। इसके लिए वे किसी सरकार में शामिल होने को तैयार हैं, लेकिन पूरा फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ रखा है।

आगे क्या: समर्थन पत्र मिलने पर सरकार बन सकती है

संविधान विशेषज्ञों के अनुसार, राष्ट्रपति शासन बेशक 6 महीने के लिए है, लेकिन पार्टियां चाहें तो अगले कुछ दिनों में सरकार बना सकती हंै। इसके लिए बहुमत का आंकड़ा दर्शाना होगा। यानी समर्थन पत्र पर 145 (बहुमत का आंकड़ा) से ज्यादा विधायकों के हस्ताक्षर जरूरी हैं। समर्थन पत्र मिलने के बाद राज्यपाल केंद्र को राष्ट्रपति शासन खत्म करने के लिए कह सकते हैं। लेकिन, अगर राज्यपाल को विधायकों की खरीद-फरोख्त के प्रमाण मिलते हैं तो वह सरकार बनाने की मांग को खारिज भी कर सकते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER