VIDEO / धोनी ने रिटायरमेंट के ऐलान के साथ कहा-'मैं पल दो पल का शायर...',रैना ने भी लिया संन्यास

Zoom News : Aug 15, 2020, 08:52 PM
  • क्रिकेटर सुरेश रैना ने लिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला
  • धोनी के संन्यास के ठीक बाद सुरेश रैना ने की संन्यास लेने की घोषणा
  • इंस्टाग्राम पर धोनी के साथ तस्वीर शेयर कर सुरेश रैना ने दी जानकारी
  • रैना ने लिखा, 'गर्व के साथ आपके (माही) सफर में साथी बन रहा हूं'
स्पोर्ट्स डेस्क | टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (International Cricket) से रिटायरमेंट (Retirement) का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर संन्यास लेने की घोषणा की। वीडियो में धोनी के अब तक के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की तस्वीरें हैं और इसके बैकग्राउंड में गाना चल रहा है- 'मैं पल दो पल का शायर हूं...'  फिल्म 'कभी कभी' का ये गाना मशहूर गायक मुकेश की आवाज में है। 4 मिनट और 7 सेकेंड के वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की कई तस्वीरें शेयर की हैं। धोनी के साथ ही उनके अजीज मित्र और साथी रहे सुरेश रैना ने भी इस यात्रा में धोनी का साथ देने की बात कही है। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के रिटायरमेंट की घोषणा के ठीक बाद सुरेश रैना ने भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रैना ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। 


अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में सुरेश रैना ने धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, 'आपके साथ खेलना एक बहुत खूबसूरत अनुभव था माही। मैं गर्व के साथ आपके इस सफर में साथी बनने जा रहा हूं। शुक्रिया इंडिया। जय हिंद!' इस वीडियो के साथ धोनी ने लिखा, 'आप सभी के प्यार और समर्थन का शुक्रिया जो मुझे हमेशा हासिल हुआ। 7 बजकर 29 मिनट पर ये समझें कि मैं रिटायर हो गया हूं।'

बता दें कि धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल मैच के बाद एक भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला था। तब से उनके रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे थे। धोनी अब अपना सारा फोकस आईपीएल 2020 के लिए लगाएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में 3 बार चैंपियन रह चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) और उनके बाकी अन्य टीम साथी लीग के 13वें सीजन से पहले एक छोटी सी ट्रेनिंग कैम्प के लिए शुक्रवार को चेन्नई पहुंचे थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER