कोरोना अलर्ट / एक दिन में सबसे ज्यादा 563 मरीज बढ़े, अब तक 3112 मामले, महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा 500 के करीब

Dainik Bhaskar : Apr 04, 2020, 09:40 AM
नई दिल्ली. देश में शुक्रवार को कोरोनावायरस संक्रमण के 563 नए मामले सामने आए। यह किसी एक दिन में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले गुरुवार को देशभर में 486 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 112 हो गई है। 229 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 90 की मौत हुई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 547 है। इनमें से 2 हजार 322 का इलाज चल रहा है।162 ठीक हो चुके हैं और 62 की मौत हो चुकी है।

किन राज्यों में कितने नए संक्रमित मिले

शुक्रवार को तमिलनाडु में 102, दिल्ली में 93, तेलंगाना में 75, महाराष्ट्र में 67, उत्तरप्रदेश में 44, राजस्थान में 35, मध्यप्रदेश में 34, आंध्रप्रदेश में 12, केरल में 9, हरियाणा में 9, गुजरात में 7, जम्मू-कश्मीर में 5, कर्नाटक में 4 नए मरीज मिले। 

मोदी की अपील पर महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री की दलील- सभी लाइट एक साथ बंद हुईं तो ग्रिड फेल हो सकती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अप्रैल को रात 9 बजे देश के लोगों से एकजुटता दिखाने के लिए 9 मिनट घरों की लाइट बंद करने की अपील की है। प्रधानमंत्री का कहना है कि लोग इस दौरान घर के दरवाजे या बालकनी पर मोमबत्ती, दीया या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं। इस पर महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि एक साथ लाइट बंद करने से पॉवर ग्रिड फेल होने का खतरा है। ऐसा हुआ तो इसे ठीक करने में एक हफ्ते लग सकते हैं। इसलिए लोग माेमबत्ती या दीया तो जलाएं, लेकिन लाइट बंद न करें।

अपदा के बीच 3 तीन राहत की खबर

आईआईटी रुड़की ने कोरानावायरस संक्रमितों के इलाज में लगे एम्स ऋषिकेष के डॉक्टरों की हिफाजत के लिए बेहद कम कीमत में फेस शील्ड तैयार की है। इनकी प्रति शील्ड लागत सिर्फ 5 रुपए है। इन ट्रांसपेरेंट शील्ड को 3डी प्रिंटिंग तकनीक से तैयार किया गया है। 

आईआईटी हैदराबाद, से जुड़े स्टार्टअप एयरोबायोसिस इनोवेशन्स ने एक कम लागत वाला, पोर्टेबल इंमरजेंसी वेंटिलेटर बनाया है। इसे ‘जीवन लाइट' नाम दिया गया है। इसकी लागत 1 लाख रुपए है। यह कोरोनावायरस के मरीजों के इलाज में मददगार हो सकता है।

महाराष्ट्र में पुणे के वैज्ञानिक डॉ मिलिंद कुलकर्णी ने पॉलीप्रोपेलीन मटेरियल से एक खास स्टिक तैयार की है। यह कोरोनावायरस के मरीजों के स्वाब का सैम्पल लेने में मददगार हो सकती है। बेंगलुरु में इसका क्लीनिकल ट्रायल किया जा रहा है।

26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना

राज्य कितने संक्रमित कितनी मौत कितने ठीक हुए

महाराष्ट्र 490         26   50

तमिलनाडु 490 1 6

दिल्ली 386 6 8

केरल     295 2 42

आंध्रप्रदेश 164 1 2

तेलंगाना 229 11 32

राजस्थान 179 0 3

उत्तरप्रदेश 174 2 17

कर्नाटक 134 4 11

मध्यप्रदेश    154        8 0

गुजरात 95 9 10

जम्मू-कश्मीर    75 2 3

प.बंगाल        53     6     3

हरियाणा 58 0 27

पंजाब 53    5 1

बिहार 31 1 3

चंडीगढ़    18 0 0

असम 24 0 0

लद्दाख 14 0 3

अंडमान-निकोबार    10 0 0

उत्तराखंड        16 0 2

छत्तीसगढ़        9 0 3

हिमाचल प्रदेश    6 2 1

गोवा        6 0 0

ओडिशा    20 0 2

पुडुचेरी 5 0 0

मणिपुर 2     0 0

झारखंड 2 0 0

मिजोरम     1   0 0

अरुणाचल प्रदेश 1    0 0

*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या 2 हजार 547 है। इनमें से 2 हजार 322 का इलाज चल रहा है। 162 ठीक हो चुके हैं और 62 की मौत हो चुकी है।

देश के 8 राज्यों के हाल

मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 154: राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 154 हो हुई। शुक्रवार को 34 नए मामले सामने आए। इसमें स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। इनकी दूसरी रिपोर्ट भी शुक्रवार को पॉजिटिव आई। इंदौर में सबसे ज्यादा 23 केस सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या 112 हो गई। वहीं, मुरैना में 10 नए मामले आए। यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। प्रदेश में अब तक भोपाल में 9, जबलपुर में 8, उज्जैन में 7, ग्वालियर-शिवपुरी में 2-2 और खरगोन-छिंदवाड़ा में एक-एक संक्रमित मिला है। इंदौर में 5, उज्जैन में 2 और खरगोन में 1 पीड़ित की मौत हो चुकी है। इधर, चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को बताया कि शहर के 59 लोगों ने दिल्ली के तब्लीगी जमात के मरकज में हिस्सा लिया था। इन्हें क्वारैंटाइन में रखा गया है। फिलहाल किसी भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। 

महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 490: राज्य में शुक्रवार को कुल 67 नए मामले सामने आए। अब संक्रमितों की संख्या 490 हो गई है। राज्य में शुक्रवार को 6 मौत हुई। इनमें दो मुंबई के हैं। इसके अलावा वसई विरार, बदलापुर ठाणे, जलगांव और पुणे में एक-एक मरीज ने दम तोड़ा।

दिल्ली; कुल संक्रमित- 386: दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 93 नए केस सामने आए। इसके साथ ही कोरोनावायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 386 हो गई। कुल संक्रमितों में से 259 वह हैं, जो तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे। राज्य में शुक्रवार को 2 और लोगों की मौत हुई। इस वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 6 हो गया है।

राजस्थान; कुल संक्रमित- 179: राजस्थान में संक्रमितों की संख्या 168 हुई। शुक्रवार को 46 नए मामले सामने आए। राजस्थान में गुरुवार को कोरोना के 13 मरीज बढ़े थे। 

उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 174: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए। इनमें से 42 दिल्ली की तब्लीगी जमात से लौटे थे या उनके संपर्क में आए थे। उत्तरप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली के तब्लीगी जमात कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले 1203 लोगों की पहचान हो गई है। इसमें से 897 के सैम्पल जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें से 47 की रिपोर्ट पॉजिटव आई है। इस बीच, अलीगढ़ के बन्नादेवी इलाके में पुलिस पार्टी पर पथराव करने के आरोप में 3 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। मस्जिद में पुलिस इनसे पूछताछ करने गई थी।

तमिलनाडु; कुल संक्रमित- 411: राज्य में शुक्रवार को 102 नए मामले सामने आए हैं। यहां के सरकारी स्टैनली मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में कोरोना के मरीजों और संदिग्धों को खाना और दवा देने के लिए रोबोट तैनात किए गए हैं। 

ओडिशा; कुल संक्रमित- 20: ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यहां कोरोनावायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 20 हो गई। 15 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 7 सूर्यनगर के संक्रमित व्यक्ति के करीबी लोग हैं। इसमें पत्नी, बेटी और किराएदार शामिल हैं। इसके अलावा भोमीकल में 3, कटक में 1, पुरी में 1, जाजपुर में 1 और भद्रक में 2 केस सामने आए। 

ओडिशा के मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी के समुद्र तट पर अपनी कलाकृति से डॉक्टरों को धन्यवाद कहा। साथ ही लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की।

तेलंगाना; कुल संक्रमित- 229: राज्य में शुक्रवार को 75 नए पॉजिटिव मिले। इधर, हैदराबाद के गांधी हॉस्पिटल में पुलिस तैनात कर दी गई है। यहां 1 अप्रैल को कोरोनावायरस आइसोलेशन वार्ड में कुछ मरीजों ने डॉक्टरों पर हमला कर दिया था।

गोवा; कुल संक्रमित- 7: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि  यहां शनिवार को सेंट एस्टेवम में एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया। वह विदेश से लौटा था।

केंद्र से राज्यों के लिए 11 हजार 92 करोड़ की मदद

कोरोना आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को राज्यों को 11 हजार 92 करोड़ की मदद को मंजूरी दी। स्टेट डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट फंड (एसडीआरएमएफ) के तहत राज्यों को दी गई इस राशि से क्वारैंटाइन सेंटर, सैम्पल कलेक्शन और स्क्रीनिंग, लेबोरेटरी और पर्सनल प्रोटेक्शन इक्पिवमेंट खरीदने में मदद मिलेगी। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए दूसरे जरूरी उपकरण भी खरीदे जा सकेंगे। 

कोरोना से जुड़े अहम अपडेट 

केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक दोनों कर्मचारियों ने कोरोनावायरस से लड़ने के लिए पीएम केयर्स फंड में 10.40 करोड़ रुपए दान दिए। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक व्हाट्सऐप नंबर 8800007722 जारी किया है। इस पर कोरोनावायरस से जुड़ी हर जानकारी मिल सकेगी। किसी भी व्यक्ति को बस इस नंबर पर मैसेज करना होगा। इसके बाद मेन्यू का ऑप्शन खुलेगा। इसमें दिए विकल्पों के आधार पर जानकारी हासिल की जा सकेगी। 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। दोनों ने तकनीकी सहयोग के साथ कोरोनावायरस से निपटने के लिए जरूरी उपायों पर भी चर्चा की।

मुंबई एयरपोर्ट पर तैनात 11 सीआईएसएफ जवानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह जानकारी शुक्रवार को सीआईएसएफ ने दी। पिछले कुछ दिनों में 142 जवानों को क्वारैंटाइन किया गया है। उनमें से 4 की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई थी, जबकि बाकी बचे जवानों की टेस्ट रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई। 

ओडिशा सरकार ने कम्यूनिटी ट्रांसमिशन को रोकने के लिए शुक्रवार रात 8 बजे से कटक, भुवनेश्वर और भद्रक में अगले 48 घंटों तक पूरी तरह लॉकडाउन का फैसला किया है। राज्य के मुख्य सचिव असित त्रिपाठी ने यह जानकारी दी। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अंत्योदय योजना के तहत आने वाले परिवारों को 70 किलो राशन दिया जाएगा। वहीं, गरीबी रेखा से नीचे वालों को हर सदस्य के हिसाब से 10 किलो राशन मिलेगा। इसमें चीनी और सरसों तेल अलग से दिया जाएगा। यह राशन 5 अप्रैल तक सबके घरों में पहुंच जाएगा। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER