जरा हटके / 'उल्कापिंड से मिलेंगे 5 हजार करोड़', बोलकर रिटायर्ड जवान से ठगे डेढ़ करोड़

AajTak : Aug 02, 2020, 09:11 PM
Special: ठगी की कई तरह की वारदातें अक्सर सामने आती रहती हैं, जिसमें अनेक तरह से लोगों को झांसा देकर ठगा जाता है। लेकिन उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ठगी का एक अजीब मामला सामने आया है जिसमें एक रिटायर्ड फौजी से उल्का पिंड से करोड़पति बनाने को लेकर करोड़ों की ठगी कर ली गई। 

दरअसल, यह मामला उत्तराखंड के देहरादून का है, यहां आर्मी के एक रिटायर्ड जवान के साथ करीब डेढ़ करोड़ की ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि एक कंपनी की तरफ से व्यक्ति साल 2017 में मिला, जिसने बताया कि उनका एक क्लाइंट जो जम्मू और हिमाचल में काम करता है उसके पास उल्कापिंड है। 

उसने बताया इसकी बाजार में 5 हजार करोड़ की कीमत है जिसको वो 10 करोड़ में बेचेगा, साथ ही ये भी बताया गया कि उसके साइंटिफिक परीक्षण में करीब 10 लाख रुपये लगेंगे।

कुछ समय तक पूछताछ के बाद जवान ने अलग-अलग तरीके से करीब डेढ़ करोड़ रुपये उस कंपनी को दे दिए। लेकिन बाद में जब पता चला कि मामला फ्रॉड है, वे हैरान रह गए। उन्होंने इसकी तहरीर पुलिस को दी।

देहरादून के DIG अरुण मोहन जोशी के मुताबिक उल्कापिंड के नाम से ठगी के इस मामले में पुलिस को 9 पेज की तहरीर मिली है। इसमें लिखा गया है कि कैसे उल्कापिंड के नाम से ठगों ने उसको 5 हजार करोड़ का मालिक बनाने के सपने दिखाए, जिसके चलते पीड़ित ने अलग-अलग समय पर झांसे में आ कर डेढ़ करोड़ रुपये दिए हैं। लेकिन न उल्कापिंड मिला न पैसा वापस आया।

पुलिस को तहरीर में पीड़ित फौजी ने यह भी बताया कि उसको आरोपियों ने बताया कि धर्मशाला से मिलने वाला उल्कापिंड जो 10 इंच का है। ये 500 करोड़ रूपये प्रति इंच के हिसाब से लंदन के बाजार में बिकता है। जिसकी कीमत उन्होंने 5 हजार करोड़ तय की है।

उल्का पिंड के झांसे में लेकर सभी नामजद आरोपियों ने पीड़ित फौजी को धर्मशाला, दिल्ली और कश्मीर तक के चक्कर कटवाए। साथ ही जादुई उल्का पिंड दिखाने और जांच पड़ताल करने के नाम पर पूरा फर्जीवाड़े का नाटक रचा।

इतना ही नहीं एक आरोपी ने कंपनी मालिक और बॉलीवुड के एक गायक और बड़े संगीतकार के संबंध के नाम का सहारा लेकर फर्जी तरीके से नाटक रचा। ऐसे में पीड़ित फौजी आसानी से झांसे में आ गया। जिसके बाद पीड़ित फौजी ने करीब डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम अलग-अलग खातों में जमा कराई।

बीते 3 साल से फौजी को न तो कोई  उल्का पिंड मिला न ही उसने कोई ऐसा जादुई सामान देखा। जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में तहरीर दी है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में आरोपी सलीम नामक व्यक्ति समेत नामजद आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपियों के नेटवर्क को खंगाल रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER