विश्व / मोदी ने कहा- भारत में निवेश के लिए सबसे अच्छा समय, कंपनियां कारोबार करने यहां आएं

Dainik Bhaskar : Nov 04, 2019, 07:33 AM
बैंकॉक | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में निवेश के लिए अभी सबसे अच्छा समय है। उन्होंने विदेशी कंपनियों को यहां कारोबार के लिए आमंत्रित किया। मोदी आदित्य बिड़ला ग्रुप के वैश्विक व्यापार में 50 साल पूरे होने के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- अभी भारत आने का सबसे अच्छा समय है, क्योंकि देश में जहां कई चीजें बेहतर हुई हैं, तो कई चीजों में गिरावट आई है। भारत में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ईज ऑफ लिविंग, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), जंगल क्षेत्र बढ़ा है। उत्पादकता, बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है। जबकि कर की दरों, लालफीताशाही, भ्रष्टाचार में कमी आई है।

मोदी ने कहा कि भारत अब 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। 2014 में जब मेरी सरकार ने कार्यभार संभाला था, तब भारत की जीडीपी दो ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर थी। पांच साल में हमने इसे लगभग 3 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ाया। मैं विश्वास दिलाता हूं कि 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना भी जल्द पूरा होगा।

आसियान-इंडिया समिट में शामिल हुए मोदी

मोदी रविवार को थाईलैंड में आसियान-इंडिया समिट में शामिल हुए। यहां उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत-आसियान देशों के सहयोग का स्वागत किया। मोदी ने कहा कि भारत के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र के नजरिए से एक्ट ईस्ट नीति बेहद अहम है और आसियान इसका मूल हिस्सा है। अविभाज्य, मजबूत और आर्थिक रूप से सशक्त आसियान ही भारत के हित में है। 

मोदी ईस्ट एशिया और आरसीईपी समिट में भी हिस्सा लेंगे

मोदी शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर थाईलैंड पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आसियान समिट में आने के लिए मोदी को थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओ-चा ने न्योता दिया था। मोदी ईस्ट एशिया और क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक साझेदारी (आरसीईपी) समिट में भी हिस्सा लेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की सातवीं आसियान-इंडिया समिट और छठवीं ईस्ट एशिया समिट होगी। मोदी के इस दौरे का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच संबंधों को और मजबूती देना है। इस दौरान कई समझौते होंगे। 

पिछले साल जनवरी में 10 आसियान नेताओं ने शिरकत की थी

पिछले साल जनवरी में भारत ने इंडो-आसियान समिट की 25वीं वर्षगांठ की मेजबानी की थी, जिसमें 10 आसियान नेताओं ने शिरकत की थी। इस दौरान भारत ने यह घोषणा की थी कि वह आसियान-इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप की सतत मजबूती के लिए काम करता रहेगा।

शनिवार को ‘स्वस्दी पीएम मोदी' कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया

शनिवार को बैंकॉक के निमिबुत्र स्टेडियम में मोदी ने ‘स्वस्दी मोदी' कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि थाईलैंड के कण-कण और जन-जन में अपनापन नजर आता है। ये रिश्ते दिल, आत्मा, आस्था और अध्यात्म के हैं। भारत का नाम पौराणिक काल के जम्बूद्वीप से जुड़ा है। वहीं थाईलैंड स्वर्णभूमि का हिस्सा था। भगवान राम की मर्यादा और बुद्ध की करुणा हमारी साझी विरासत है। नॉर्थ-ईस्ट इंडिया एशिया का गेटवे बन रहा है, भारत-म्यांमार-थाईलैंड हाईवे शुरू होने से कारोबार बढ़ेगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER