Coronavirus / आज महाराष्ट्र में फिर कोरोना विस्फोट, मुंबई में नए केस 20 हजार पार

Zoom News : Jan 06, 2022, 09:43 PM
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरना वायरस के 36,265 नए केस सामने आए हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस महामारी से 13 मरीजों की मौत भी हुई है और 8907 मरीज ठीक भी हुए हैं। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की बात करे तो राज्य में 79 नए मामले मिले हैं। इसी के साथ राज्य में ओमिक्रॉन के कुल मामलों की संख्या 876 पहुंच गई है। हालांकि, राहत की बात है कि इसमें से 381 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

वहीं, मायानगरी मुंबई में कोरोना वायरस कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को मुंबई में 20181 नए केस सामने आए। 4 मरीजों की मौत भी हुई है। 20 हजार से अधिक नए मामलों के साथ शहर में एक्टिव मामलों की संख्या 79260 पहुंच गई है। शहर में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 29.90 फीसदी है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने गुरुवार को टेस्ट किए गए 67,000 सैंपल में से 20181 पॉजिटिव पाए गए हैं। 

ग्रेटर मुंबई म्युनिसिपल के स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक गुरुवार को जितने मामले सामने आए हैं उसमें 17154 केस (85 फीसदी) असिम्प्टोमटिक हैं। जिसका मतलब है कि उनमें कोरोना वायरस लक्षण न के बराबर हैं। वहीं, 1170 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि 106 मरीजे ऐसे हैं जिनको ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखे गए हैं।

मुंबई में पिछले 72 घंटों में 200 से अधिक आवासीय डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में कोविड-19 मामलों की बढ़ती संख्या के साथ, शहर के अस्पतालों को कर्मचारियों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक और निजी अस्पतालों में कई डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

मुंबई में बुधवार को कोविड-19 के कोरोना वायरस के 15,166 नए मामले आए थे और तीन लोगों की मौत हुई थी। जबकि मंगलवार को 10,860 मामले आए थे और दो लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले महामारी की दूसरी लहर के दौरान चार अप्रैल 2021 को सर्वाधिक 11,163 मामले आए थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER