देश / कई घंटों से जारी बारिश में डूबी मुंबई, बस-ट्रेन संचालन प्रभावित, समुद्र से दूर रहने की अपील

News18 : Aug 04, 2020, 08:21 AM
नई दिल्‍ली। मॉनसून 2020 (Monsoon 2020) के कारण मुंबई (Mumbai Rain) समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो रही है। मुंबई (Mumbai) में तो पिछले कई घंटों से बारिश का सिलसिला जारी है। बृहन्‍मुंबई महानगर पालिका के अनुसार पिछले 10 घंटे में मुंबई में 230 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे शहर के अधिकांश इलाके पूरी तरह से जलमग्‍न हो गए हैं। सड़कों पर पानी भरा हुआ है। इससे बसों से लेकर मुंबई लोकल ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ है।

बीएमसी के अनुसार लोगों से समुद्र से दूर रहने को कहा गया है। मंगलवार को दोपहर करीब 12:47 बजे समुद्र में हाईटाइड आएगा। इस दौरान करीब 4।51 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है। ऐसे में लोगों से निचले इलाकों और तटों पर ना जाने की अपील की गई है।

 परेल का इलाका पानी में डूबा हुआ हुआ है। जगह-जगह जलभराव हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

लगातार बारिश के कारण मुंबई लोकल ट्रेन की वेस्‍टर्न लाइन को पूरी तरह से रोक दिया गया है। वहीं सीएसएमटी और कुर्ला के बीच हार्बर लाइन को भी बंद किया गया है।

सेंट्रल लाइन धीमी रफ्तार से चल रही है। साथ ही मुंबई और आसपास के इलाकों में सरकारी बेस्‍ट बसों के करीब 8 रूट भी बदले गए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER