Rape / 13 वर्षीय लड़की की बलात्कार के बाद की गई हत्या, आरोपी के खेत से मिला शव

NDTV : Aug 16, 2020, 07:52 AM
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक 13 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार और उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के शव को  गन्ने के खेत से बरामद किया गया। यूपी पुलिस ने शनिवार को ये जानकारी दी। हाल के दिनों में राज्य से एक के बाद एक बलात्कार के मामले सामने आए हैं। मामले में पुलिस ने पीड़िता के गांव के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

लड़की के पिता ने कहा कि पीड़िता की गला घोंटकर हत्या की गई है, उसकी आंखें बाहर निकली हुई थीं और उसकी जीभ काट दी गई थी। यह घटना नेपाल सीमा से सटे एक गांव की है जो लखनऊ से लगभग 130 किलोमीटर दूर है। घटना शुक्रवार को घटी। पीड़िता का शव आरोपियों में से एक के खेत में मिला।

जिला पुलिस प्रमुख ने कहा, "लड़की के पोस्टमार्टम से बलात्कार की पुष्टि हो गई है। दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हम बलात्कार, हत्या और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत आरोप दायर करेंगे।"

लड़की के पिता ने बताया कि पीड़िता शुक्रवार दोपहर से लापता थी। लड़की के पिता ने कहा, "हम हर जगह उसकी तलाश में गए। गन्ने के खेत में उसकी लाश मिली। पीड़िता की आंखें बाहर आई हुईं थी। उसकी जीभ काट दी गई थी और दुपट्टे से गला घोंट दिया गया था।"

पिछले हफ्ते, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़ में में एक 6 वर्षीय लड़की के साथ अपहरण और बलात्कार का मामला सामने आया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। लड़की अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि वह स्थिर है लेकिन खतरे से बाहर नहीं है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER