विश्व / सेक्स के दौरान मर्डर: टिंडर ऐप से हुई मुलाकात, शारीरिक संबंध बनाने के दौरान खुद कहा था कि गला दबाओ

AajTak : Nov 26, 2019, 07:50 AM
वर्ल्ड डेस्क | 21 साल की एक लड़की के मर्डर केस में खुलासा हुआ है कि हत्या के आरोपी ने लड़की से मुलाकात के लिए बार-बार गुजारिश की थी और दबाव भी डाला था। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में घूमने के दौरान ब्रिटिश टूरिस्ट ग्रेस मिलेन की हत्या कर दी गई थी। यह भी सामने आया था कि सेक्स के दौरान ही आरोपी ने लड़की की जान ले ली।

हत्यारे के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया कि लड़की बीडीएसएम पसंद करती थी और उसने शारीरिक संबंध बनाने के दौरान खुद कहा था कि गला दबाओ। हालांकि, जज ने बचाव पक्ष के इस दावे को खारिज कर दिया और शख्स को दोषी करार दिया।

बीते साल दिसंबर में लड़की की हत्या हुई थी। 21 फरवरी 2020 को न्यूजीलैंड की अदालत इस मामले में सजा सुनाएगी। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में ये सामने आया है कि आरोपी ने लड़की से बार-बार मुलाकात की गुजारिश की थी।

लड़की और हत्यारे लड़के की मुलाकात टिंडर ऐप के जरिए हुई थी। आरोपी ने बार-बार मिलने के लिए कहा था। मर्डर से कुछ घंटे पहले भी दोनों के बीच ऐप पर बात हुई थी।

ब्रिटेन के एसेक्स की रहने वाली लड़की के मैसेज को ब्रिटिश मीडिया ने प्रकाशित किया है। वहीं, आरोपी के परिवार वाले ने लड़की के परिवार से माफी की मांग की है। आरोपी का कहना है कि लड़की की हत्या करने का उसका इरादा नहीं था।

27 साल के हत्या के आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। उसे आजीवन जेल की सजा हो सकती है। टिंडर मैसेज से पता चला है कि आरोपी लड़की पर मिलने के लिए दबाव बना रहा था।

पहली बार चैट शुरू होने के दौरान लड़की बातचीत करने से हिचकिचा रही थी। लड़के ने चैट पर यह भी कहा था कि वह उसके लिए ड्रिंक खरीदेगा। करीब 3 बजे सुबह तक दोनों के बीच बात हुई और अगले रोज शाम में दोनों मिले।

मुलाकात के बाद लड़का और लड़की बार में गए। आखिर में वह लड़के के फ्लैट में पहुंची। लड़के ने लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद लड़का टिंडर पर मिली किसी अन्य लड़की के साथ डेट पर चला गया। जबकि लड़की की बॉडी उसके कमरे के फर्श पर थी। बाद में हत्यारे ने उसकी बॉडी सूटकेस में पैक कर दी।

लड़की के पिता बाद में न्यूजीलैंड पहुंचे और स्थानीय अधिकारियों ने करीब एक हफ्ते तक लड़की को ढूंढने के लिए सर्च कैंपेन चलाया। पुलिस को लड़की के फेसबुक टाइमलाइन पर हत्या के आरोपी का मैसेज दिखा जिसमें वह उसकी तारीफ कर रहा था। यहीं से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER