मुंबई / मुंबई - नीरव मोदी के कलेक्शन की पेंटिंग्स 50 कराेड़ से ज्यादा में नीलाम

Dainik Bhaskar : Mar 27, 2019, 06:40 PM
मुंबई. 13700 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी की 68 पेंटिंग्स के कलेक्शन की मंगलवार काे 50 करोड़ से ज्यादा रुपए में नीलामी हुई। सबसे महंगी राजा रवि वर्मा की बनाई पेंटिंग 14 करोड़ रुपए में बिकी। इनके अलावा एफएन सूजा की पेंटिंग्स 90 लाख में नीलाम हुईं। जोगेन चौधरी की पेंटिंग 46 लाख, भूपेन खाखर की 35 लाख और केके हैब्बर की पेंटिंग 40 लाख में बिकी। आयकर विभाग ने मुंबई में यह नीलामी करवाई थी।

आयकर विभाग काे नीरव से 95 कराेड़ की वसूली करनी है। पेंटिंग्स के अलावा नीरव की 11 लग्जरी कार भी नीलाम हाेंगी। फिलहाल, नीरव मोदी लंदन में है। 19 मार्च काे गिरफ्तारी के बाद काेर्ट ने उसे 29 मार्च तक जेल भेज दिया था। नीरव को दक्षिण-पश्चिम लंदन की वांडस्वर्थ जेल में रखा गया है।

ब्रिटेन के पॉश एरिया में रहता है नीरव

इससे कुछ दिन पहले नीरव लंदन की गलियों में खुलेआम घूमता दिखा था। ब्रिटेन के एक अखबार ने तब अपनी रिपोर्ट में कहा था कि वह ऐश की जिंदगी जी रहा है। वह लंदन के पॉश एरिया के जिस अपार्टमेंट में रहता था, उसकी कीमत 70 करोड़ के आसपास है। हर महीने का किराया ही 15 लाख रुपए से ज्यादा था। अखबार ने यह भी कहा था कि उसने फिर से डायमंड का बिजनेस शुरू किया है।

नीरव की 1873 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच हो चुकी

प्रवर्तन निदेशालय प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएलएए) के तहत नीरव की 1,873.08 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर चुका है। नीरव और परिवार से जुड़ी 489.75 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त भी की जा चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER