बॉलीवुड / कभी घर में नहीं थे खाने के पैसे, भूखे पेट गुजारी राते, आज सबके चेहरों पर बिखेरती है मुस्कान

Zoom News : Nov 21, 2020, 07:50 PM
बॉलीवुड डेस्क | कॉमेडी क्वीन भारती सिंह अपनी परफॉर्मेंस और जोक्स से न जाने कितने चेहरों पर मुस्कान बिखेरती आई हैं। लेकिन ज्यादा लोग इस बात से वाकिफ नहीं हैं कि भारती ने अपनी खुद की जिंदगी में कितना संघर्ष किया है और इस मुकाम तक पहुंचने से पहले क्या कुछ झेला है। आइइ आपको बताएं भारती सिंह के बारे में:

भारती का जन्म 3 जुलाई 1984 को हुआ था। वह अमृतसर पंजाब की रहने वाली हैं। उनके पिता नेपाली थे और मां पंजाबी। भारती सिंह एक ऐसी कॉमेडिन हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी में कई उतार चढ़ाव देखे हैं। बचपन से दर्द और आंखों में आंसू लेकर बड़ी हुई भारती सिंह आज देशभर में लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए काम करती हैं।

एक गरीब घर में जन्मी भारती सिंह अपने परिवार में सबसे छोटी हैं। भारती ने कई शोज में बताया कि जब वो अपनी मां के पेट में थीं, तो गरीबी के चलते उनकी मां उन्हें गर्भ में ही खत्म कर देना चाहती थीं। भारती की मां ने पेट में ही उन्हें मारने के लिए कई पैतरे अजामाए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मां की तमाम कोशिशों के बावजूद भारती सेहतमंद जन्मीं। लेकिन भारती ने ये भी बताया कि उनके जन्म के बाद उनकी मां ने बहुत प्यार से उनकी परवरिश की।

अमृतसर पंजाब की रहने वाली भारती के बारे में बहुत से लोग ये बात नहीं जानते हैं कि वो महज 2 साल की थीं जब उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। जब भारती के पिता अपने पीछे तीन बच्चों और अपनी पत्नी को छोड़ गए थे। भारती की मां एक फैक्ट्री में काम कर अपने तीनों बच्चों को पाला करती थीं।

भारती ने यह भी बताया था कि आज जब उनकी मां उन्हें इस बारे में बताती हैं तो उनकी आंखें नम हो जाती हैं कि जिस लड़की ने हमें दुनिया दिखाई और हमारे लिए सब किया मैं उसके लिए ऐसा करना चाहती थी। भारती ने बताया कि उनकी मां कभी-कभी उन चीजों के लिए बहुत सॉरी बोलती हैं मुझसे। भारती ने बताया कि उनके पिता के जाने के बाद कई बार लोग उनके घर पर आकर उधार दिए पैसों के लिए उनकी मां को गालियां दिया करते थे जिसका उन्हें बहुत दुख होता था।

कॉमेडियन ने ऐसे भी दिन देखे हैं, जब उन्हें भूखे पेट सोना पड़ा था। इसके साथ ही सिलाई मशीन से उन्हें अब डर लगता है। भारती ने एक इंटरव्यू में बताया था, "मेरी मां फैक्ट्री में काम किया करती थीं और बचा हुआ काम घर में आकर करती थीं। घर में दिन रात मशीन की आवाज सुनते हुए मेरा बचपन गुजरा है। जब भी मैं सड़क पर ऐसी आवाजें सुनती हूं तो आज भी मुझे वो परेशान करती हैं।"

भारती ने बताया था कि पैसों की तंगी के चलते उन्होंने एक्टिंग लाइन को चुना था। उनके परिवार में पैसों की दिक्कत चल रही थी। इसके लिए उन्होंने अमृतसर छोड़ मुंबई आने का फैसला किया। उनके रिश्तेदारों को उनपर शक था। जब लोग भारती को स्टेज पर कॉमेडी करते देखते थे तो उनका मजाक उड़ाते थे। अब वही लोग उनसे अपने बच्चों के लिए गाइडेंस मांगते हैं। 

भारती के जीवन में द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस शो से भारती को कॉमेडियन के तौर पहचान मिली और शो ने उनके लिए नई जिंदगी में नए रास्ते खोल दिए। शो के बाद भारती कॉमेडी सर्कस के कई सीजन का हिस्सा रहीं। आज वह टीवी के जाने माने रियलिटी शोज को होस्ट करती हैं। साथ ही कपिल शर्मा शो से भी जुड़ी हुई हैं। 

भारती ने अपने जीवन और करियर के साथ अपनी बॉडी इमेज को लेकर भी स्ट्रगल किया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि बचपन में सभी लोग उनके ज्यादा वजन की वजह से उन्हें चिढ़ाया करते थे। उन्हें कई नामों से पुकारते थे। यहां तक की उनके घर वाले भी उन्हें वजन कम करने की सलाह देते थे। 

भारती ने बताया कि आज उनका बढ़ा वजन ही उनकी पहचान बन गया है। भारती ने बताया कि आज वो उन तमाम लड़कियों से ज्यादा सफल हैं जो दिखने में पतली दुबली और हॉट हैं। देश के ही नहीं बल्कि दुनियाभर के लोग उन्हें बहुत प्यार करते हैं। 

शनिवार को भारती सिंह को एनसीबी ने ड्रग्स केस में गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि कॉमेडियन ने ड्रग्स लेने की बात को अधिकारियों के सामने स्वीकार किया था। उनके पति हर्ष लिम्बचिया से फिलहाल पूछताछ चल रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER