Coronavirus / कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही है कमी, 24 घंटे में कोरोना में मात्र इतने इतने केस

Zoom News : Oct 26, 2020, 10:08 AM
Coronavirus: देश में कोरोना संक्रमण में लगातार कमी आ रही है। 24 घंटे में कोरोना के 45,149 नए मरीज मिले हैं। इससे देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 79,09,960 हो गई है। देश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। 24 घंटे में वायरस की वजह से 480 लोगों की जान गई और मृतकों की कुल संख्या 1,19,014 हो गई है।

भारत के लिए राहत की खबर यह भी है कि एक्टिव केसों की संख्या लगातार कम हो रही है। अब देश में कोरोना के 6 लाख 53 हजार 717 एक्टिव केस बचे हैं और 24 घंटे में इसमें 14,437 की कमी आई है। देश में अब तक 71 लाख 37 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 24 घंटे में 59 हजार 105 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं।  

कोरोना के खिलाफ जंग में भारत जीत की ओर बढ़ता दिख रहा है। देश में रिकवरी रेट 90 फीसदी से अधिक हो चुकी है।  स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को बताया गया कि पिछले एक सप्ताह में हर दिन कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या हजार से कम रही है, जबकि 2 अक्टूबर के बाद से यह आंकड़ा 1100 के स्तर से कम रहा है।  टेस्टिंग की बात करें तो देश में अब तक कुल 10 करोड़ 34 लाख 62 हजार 778 सैंपल की जांच की जा चुकी है तो 25 अक्टूबर को कुल 9 लाख 39 हजार 309 सैंपल की जांच की गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत में काफी कम केस सामने आ रहे हैं। प्रति 10 लाख आबादी पर कुल केसों की बात करें तो भारत में यह आंकड़ा काफी कम है। यहां प्रति 10 लाख की आबादी पर 297 केस सामने आए हैं तो दुनिया का औसत 321 है। पिछले एक सप्ताह में ब्राजील में प्रति 10 लाख लोगों में 692, रूस में 723, स्पेन में 819, अमेरिका में 1,195, ब्रिटेन में 1,817 और फ्रांस में 2,529 लोग संक्रमित मिले हैं।

प्रति 10 लाख आबादी पर मौतों की बात करें तो भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर 84 लोगों की जान कोरोना की वजह से जा रही है तो दुनिया का औसत 143 है। रूस में 169, फ्रांस में 511, ब्रिटेन में 644, अमेरिका में 660, स्पेन में 722 और ब्राजील में 725 लोगों की जान जा रही है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER