ABP News : Jan 13, 2020, 11:09 AM
बॉलीवुड डेस्क | फिल्म और खेल का पुराना रिश्ता है। अब तक कई खिलाड़ियों पर फिल्म बन चुकी है और अगर फिल्म किसी क्रिकेटर पर बन रही हो तो दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ जाता है। वहीं अब एक और क्रिकेटर की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही है। जी हां, खबरें हैं कि महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही है और इस फिल्म में झूलन का रोल कोई और नहीं बल्कि क्रिकेटर की पत्नी अनुष्का शर्मा प्ले कर रही हैं।
इन दिनों मीडिया में अनुष्का शर्मा के झूलन गोस्वामी की बायोपिक करने की खबरें चल रही हैं। एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने फिल्म जीरो के बाद से कोई फिल्म नहीं की है। माना जा रहा है कि वो इस बायोपिक से वापसी करेंगी। हालांकि इसको लेकर अनुष्का शर्मा की तरफ से कोई ऑफीशियल अनाउंसमेंट नहीं किया गया है।इन दिनों बायोपिक फिल्म बनाने का जैसे ट्रेंड सा चल रहा है। कई क्रिकेट स्टार्स पर फिल्म बनाई जा रही है। जहां एक्टर रणवीर सिंह पूर्व दिग्गज कप्तान कपिल देव की बायोपिक लेकर आ रहे हैं। वहीं तापसी पन्नू भी महिला क्रिकेटर मिताली राज की बयोपिक में नजर आएंगी। इससे पहले भी क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी पर भी फिल्म बन चुकी है।वहीं अगर झूलन के करियर की बात करें तो झूलन गोस्वामी ने साल 2002 में डेब्यू किया था। वो भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रह चुकी हैं। इसके साथ-साथ वे बेहतरीन गेंदबाज भी रही हैं। झूलन ने दस टेस्ट मैच में 40 विकेट लिए। वहीं वनडे में उन्होंने 225 विकेट अपने नाम किए हैं। झूलन का टी-20 में भी अच्छा रिकॉर्ड रहा है उन्होंने इस फॉर्मेट के 68 मैच में 56 विकेट हासिल किए हैं।