IND vs NZ / आउट या नॉटआउट? विराट कोहली के विकेट पर छिड़ा विवाद

Zoom News : Dec 03, 2021, 04:06 PM
IND vs NZ | टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में बिना खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौटे। विराट के विकेट पर विवाद सा छिड़ गया है। एजाज पटेल की गेंद पर ऑनफील्ड अंपायर नितिन मेनन ने उन्हें आउट करार दिया, लेकिन विराट ने बिना किसी देरी के डीआरएस ले लिया। विराट को इस बात को लेकर विश्वास था कि गेंद पैड पर लगने से पहले उनके बैट से लगी है। थर्ड अंपायर ने काफी देर रिप्ले देखने के बाद ऑनफील्ड अंपायर के फैसले के साथ जाने का फैसला लिया। इसको लेकर सोशल मीडिया पर विवाद सा छिड़ गया है।

दरअसल रिप्ले में ऐसा लगा कि गेंद बैट और पैड दोनों पर एकसाथ लगी है। गेंद अगर पैड से पहले लगती, तो विराट साफ तौर पर आउट होते, लेकिन अगर बैट से लगकर पैड पर जाती, तो नॉटआउट होते। रिप्ले कहीं से भी यह साफ नहीं दिखा कि गेंद पहले पैड पर लगी है। फैन्स नितिन मेनन और थर्ड अंपायर के फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं और खुद कप्तान विराट भी इस फैसले से काफी निराश दिखे।

मुंबई टेस्ट में भारत ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल ने टीम को अच्छी शुरुआत भी दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। शुभमन पटेल की गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पटेल ने अपने अगले ओवर में चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली को पवेलियन भेजकर टीम इंडिया को बैकफुट पर ढकेल दिया। विराट और पुजारा दोनों ही बिना खाता खोले आउट हुए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER