मौसम अपडेट / उत्तर भारत में छाया ठंड का प्रकोप, जयपुर में सर्दी ने तोड़ा 55 साल का रिकॉर्ड, दिल्ली बेहाल

Live Hindustan : Dec 30, 2019, 06:43 AM
नई दिल्ली | उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा तो वहीं तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया जिससे झील जम गई। राजस्थान के जयपुर में सर्दी ने 55 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। वहीं हरियाणा, पंजाब, यूपी और बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर जारी है। श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। 

मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदू से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीत लहर तेज हो गई है। डल झील के अलावा कई जलधाराओं का भी यही हाल है और कई स्थानों पर पानी आपूर्ति लाइन प्रभावित हुई है। 31 दिसंबर से कुछ दिनों के लिए कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

श्रीनगर: गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ी

कश्मीर घाटी में जारी भीषण ठंड के बीच श्रीनगर के प्रसिद्ध साप्ताहिक बाजार संडे मार्केट में बड़ी संख्या में लोग गर्म कपड़े खरीदते दिखाई दिए। रेडियो कश्मीर से लाल चौक होते हुए हरि सिंह हाई स्ट्रीट तक तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर सैकड़ों विक्रेताओं ने अपने-अपने स्टाल लगाए हुए थे जहां लोग बड़े पैमाने पर खरीदारी करते हुए देखे गए।

बिहार: अभी ठंड से राहत नहीं

पटना सहित पूरे बिहार में ठंड कहर बरपा रही है। बिहार के गया का रविवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पछुआ हवा और कोहरे के कारण ठिठुरन भी बढ़ी है। पटना का रविवार का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस जबकि भागलपुर का 7.3 डिग्री और पूर्णिया का 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड: मसूरी के होटल बुक  

उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने बताया कि रविवार तक मसूरी के होटलों में 70 फीसदी बुकिंग हो गयी है। वीकेंड पर अच्छी तादाद पर पर्यटक मसूरी पहुंच चुके हैं। जिस तरह से लगातार बुकिंग आ रही हैं, नए साल पर होटल और गेस्ट हाउस पैक होने की पूरी संभावना है। बताया कि मसूरी में छोटे-बड़े 250 होटल हैं। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER