मंनोरजन / लॉकडाउन में घरो में बंद लोगो ने सोशल मीडिया पर उठायी रामायण और महाभारत के दोबारा प्रसारण की मांग

AMAR UJALA : Mar 26, 2020, 11:36 AM
मुंबई: कोरोना वायरस के कहर के चलते पूर देश में पीएम नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों तक के लिए लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। एक तरफ जहां कोरोना वायरस से देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है तो वहीं दूसरी ओर सिनेमा जगत के ठहर जाने से लोगों के मनोरंजन पर भी भारी असर पड़ा है। लेकिन इस बीच अब सोशल मीडिया यूजर्स रामायण और महाभारत का दोबारा प्रसारण करने की मांग कर रहे हैं। 

दरअसल पिछले हाल फिलहाल में ही सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट सामने आए हैं, जिनमें सोशल मीडिया यूजर्स रामानंद सागर की रामायण और बीआर चोपड़ा की महाभारत के दोबारा प्रसारण की मांग कर रहे हैं। तमाम सोशल मीडिया यूजर्स दूरदर्शन और प्रसार भारती के साथ ही पीएम मोदी, प्रकाश जावड़ेकर को भी सोशल मीडिया पर टैग करते हुए रामायण और महाभारत के टेलीकास्ट की मांग कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि अब जबकि वो आने वाले कई दिनों के लिए घर में ही रहने वाले हैं, ऐसे में बच्चों के लिए कुछ अच्छा सीखने के लिए मिल जाएगा और वहीं बड़े- बुजुर्गों की यादें ताजा हो जाएंगी।

इस पूरे मामले में अच्छी बात ये है कि ऐसी उम्मीद की जा रही है कि जल्दी ही दर्शकों की इस मांग को पूरा भी किया जा सकता है। बता दें कि प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने एक इस बारे में एक ट्वीट भी किया है। शशि ने अपने ट्वीट में बताया कि दूरदर्शन पर इसको (रामायण और महाभारत) प्रसारित करने के लिए अधिकार धारकों से बातचीत जारी है।

गौरतलब है कि रामानंद सागर की रामायण का प्रसारण साल 1987 और बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण साल 1988 में पहली बार दूरदर्शन पर हुआ था।  रामायण और महाभारत को लोग इतने चाव से देखते थे कि सड़कों पर एक दम सन्नाटा होता था। इन धार्मिक कार्यक्रमों के प्रसारण के वक्त बाहर सड़कों का माहौल एक दम कर्फ्यू की तरह ही होता था।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER