देश / PM मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को किया फोन, आपसी सहयोग पर बनी सहमति

Zoom News : Jul 02, 2020, 04:43 PM
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) से  2 जुलाई को टेलीफोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने पुतिन को द्वितीय विश्व युद्ध (Second World War) में जीत की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित समारोह की सफलता और रूस (Russia) में संवैधानिक संशोधनों पर वोट के सफल समापन के लिए बधाई दी। 

प्रधानमंत्री ने 24 जून 2020 को मास्को में आयोजित सैन्य परेड में एक भारतीय टुकड़ी की भागीदारी को याद करते हुए, इसे भारत और रूस की जनता के बीच स्‍थायी दोस्ती का प्रतीक बताया।

दोनों नेताओं ने कोविड -19 वैश्विक महामारी के नकारात्मक परिणामों को दूर करने के लिए दोनों देशों द्वारा किए गए प्रभावी उपायों की चर्चा की और कोविड के बाद की दुनिया की चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करने के लिए भारत और रूस के करीबी रिश्‍तों के महत्व पर सहमति व्यक्त की।

दोनों नेता द्विपक्षीय संपर्क और परामर्शों की गति बनाए रखने पर सहमत हुए, जिससे इस वर्ष के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा सके। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की।

राष्ट्रपति पुतिन ने फोन कॉल के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

ऐसा हुआ तो 2036 तक रूस के राष्ट्रपति रहेंगे पुतिन

बता दें द्वितीय विश्व युद्ध (Second World War) में जीत की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर रूस में आयोजिस कार्यक्रम में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की थी। इस समारोह में भारत की एक सैन्य टुकड़ी ने भी परेड में हिस्सा लिया था। वहीं रूस में बीते एक हफ्ते से संविधान में संशोधन के लिए मतदान भी हुए है। इसके अंतिम नतीजों का फिलहाल इंतजार है। रूस में यदि ये संविधान संशोधन हो जाता है तो व्लादिमीर पुतिन 2036 तक राष्ट्रपति बने रहेंगे। लेकिन यदि पुतिन इस जनमत संग्रह में हार जाते हैं तो 2024 में उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा और वह फिर से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। बता दें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2000 में सत्ता में आए थे और इसके बाद से ही वह रूस के राष्ट्रपति बने हुए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER