नई दिल्ली / पीएम मोदी ने वायुसेना के मार्शल अर्जन सिंह के सम्मान में जारी किया स्टांप

Zoom News : Oct 10, 2019, 12:48 PM
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायुसेना के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को इसके ‘एट होम' कार्यक्रम में शमिल हुए और वायुसेना के मार्शल दिवंगत अर्जन सिंह के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। मोदी ने नवोन्मेष आधारित ‘सेल्फ रिलायंस' प्रदर्शनी भी देखी।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘इस साल हम भारतीय वायुसेना के अर्जन सिंह डीएफसी (प्रतिष्ठित फ्लाइंग क्रॉस) का जन्म शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। हमारे राष्ट्र के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा के सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया गया। आने वाले वर्षों में उनका साहस हमारे राष्ट्र के लोगों को प्रेरित करता रहे।''

‘एट होम' कार्यक्रम वायुसेना दिवस समारोह के हिस्से के रूप में मनाया गया। उन्होंने आयोजन की तस्वीरें साझा कीं जिनमें से एक में वह प्रदर्शनी में शामिल होने वाले वायुसेना कर्मियों को प्रमाण पत्र देते नजर आ रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वायुसेना की नवाचार और स्वदेशीकरण के जरिये आत्मनिर्भरता पर आधारित प्रदर्शनी का यहां अवलोकन किया। मोदी वायुसेना प्रमुख चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया के निवास पर आयोजित 87वां भारतीय वायु सेना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने यहां आये थे जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मोदी करीब एक घंटे तक यहां मौजूद रहे और उन्होंने इस दौरान वरिष्ठ रक्षा अधिकारी और विदेशी देशों के गणमान्य अधिकारियों से भी भेंट की। इस मौके पर उनके साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमएन नरवाने भी मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम दरअसल आठ अक्टूबर को आयोजित किया जाना था लेकिन उसी दिन दशहरा होने की वजह से इसे नौ अक्टूबर को निर्धारित कर दिया गया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER