विश्व / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका में ग्लोबल गोलकीपर्स अवॉर्ड से नवाजा जाएगा

AMAR UJALA : Sep 24, 2019, 05:35 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका में ग्लोबल गोलकीपर्स अवॉर्ड (Global Goalkeepers Award) से नवाजा जाएगा। बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (Bill and Melinda Gates Foundation) की ओर से उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। इसके लिए 24 और 25 सितंबर 2019 को न्यूयॉर्क में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

हालांकि कुछ नोबल विजेताओं ने इसका विरोध किया है। वे चाहते हैं कि बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन पीएम मोदी को यह अवॉर्ड न दे। इसके लिए उन्होंने कश्मीर मुद्दे की दलील दी है।

इस बीच हम आपको बता रहे हैं कि यह अवॉर्ड कितना महत्वपूर्ण है? यह क्यों दिया जाता है? पीएम मोदी को यह अवॉर्ड क्यों दिया जा रहा है? आगे पढ़ें इन सवालों के जवाब।

साल 2015 में 193 देशों के प्रतिनिधि एक बेहतर दुनिया बनाने के लिए 17 लक्ष्यों (Sustainable Goals) को हासिल करने की बात पर सहमत हुए थे। ये सभी लक्ष्य देशों को मिलकर 2030 तक हासिल करने हैं। ये 17 लक्ष्य हैं - 

  1. गरीबी हटाना
  2. भूख मिटाना
  3. अच्छा स्वास्थ्य
  4. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
  5. लिंग समानता
  6. साफ पानी व स्वच्छता
  7. वाजिब कीमत पर स्वच्छ ऊर्जा
  8. आर्थिक वृद्धि
  9. उद्योग, नवाचार और आधारभूत संरचना
  10. असमानता कम करना
  11. शहरों व समुदायों का दीर्घकालिक विकास
  12. उत्तरदायी उपभोग और उत्पादन
  13. जलवायु में सुधार
  14. पानी के जीवों के लिए बेहतर वातावरण
  15. धरती के जीवों के लिए बेहतर वातावरण
  16. शांति, न्याय और मजबूत संस्थाएं
  17. लक्ष्यों के लिए साझेदारी
  • तब बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने गोलकीपर्स अवॉर्ड की शुरुआत की। यह अवॉर्ड लोगों को इन लक्ष्यों को पाने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। 
  • पहला ग्लोबल गोलकीपर्स अवॉर्ड कार्यक्रम 2017 में आयोजित किया गया। 
  • यह हर साल दिए गए 17 लक्ष्यों में से किसी भी एक पर अच्छा काम करने वाले शख्स को दिया जाता है।
  • इसे गोलकीपर्स ग्लोबल गोल्स अवॉर्ड भी कहते हैं। 
इसके तहत अलग-अलग नाम के अवॉर्ड बंटे हैं, जो अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम के लिए दिए जाते हैं। ये अवॉर्ड हैं -

  • प्रोग्रेस अवॉर्ड, चेंजमेकर अवॉर्ड, कैंपेन अवॉर्ड - 16 से 30 वर्ष के लोगों को दिए जाते हैं।
  • गोलकीपर्स वॉयस अवॉर्ड - किसी भी उम्र के शख्स को दिया जा सकता है।
  • ग्लोबल गोलकीपर्स अवॉर्ड - किसी भी उम्र के पॉलिटिकल लीडर को उनके देश या वैश्विक स्तर पर ग्लोबल गोल के लिए प्रभावशाली कार्यों के लिए दिया जाता है। पीएम मोदी को यही अवॉर्ड दिया जा रहा है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वच्छता की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की ओर से यह सम्मान दिया जा रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER