Petrol-Diesel Price Hike / प्रियंका गांधी ने छेड़ा कीमतें कम करने का अभियान, सड़कों पर उतरे कांग्रेसी कार्यकर्ता

News18 : Jun 29, 2020, 05:49 PM
लखनऊ। लगतार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों (Petrol-Diesel Price Hike) को लेकर कांग्रेस पार्टी (Congress) ने प्रदेश भर में विरोध-प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ समेत कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रिक्शा व बैलगाड़ियों की सवारी कर विरोध जताते हुए कीमतों में वृद्धि को वापस लेने की मांग की। राजधानी में विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने आराधना मिश्रा समेत दर्जनों कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्विटर के माध्यम से सरकार को घेरा। जहां एक और कार्यकर्ता सड़कों पर थे, वहीं प्रियंका सोशल मीडिया में एक्टिव थीं। उन्होंने लिखा, 'कोरोना काल में लोग त्रस्त हैं, मगर पिछले 20 दिनों से लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ाकर सरकार जनता पर वार कर रही है। कांग्रेस ने #SpeakUpAgainstFuelHike अभियान के जरिए देश की आवाज सरकार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। आप भी इसका हिस्सा बनिए।'

सोशल डिस्टेंसिंग की भी जमकर धज्जियां उड़ीं

पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने अयोध्या में भी धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की भी जमकर धज्जियां उड़ीं। कमला नेहरू भवन पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए गए। इसके बाद कांग्रेसियों ने एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा।


प्रयागराज में भी प्रदर्शन

संगम नगरी में भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सुभाष चौराहे पर हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेसियों ने नारेबाजी की। केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की गई। सरकार पर पेट्रोलियम कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। प्रर्दशन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस की तीखी नोकझोंक भी हुई।


भीम आर्मी का अर्धनग्न प्रदर्शन

भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि को लेकर शामली में अर्धनग्न प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अर्द्धनग्न होकर बाइक व पैदल चलाकर विरोध जताया। भीम आर्मी जिलाअध्यक्ष के नेतृत्व में यह विरोध रैली निकली। प्रदर्शन के बाद डीएम शामली को ज्ञापन सौपा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER