दुनिया / पुतिन का रूस में मार्शल लॉ लगाने से इनकार, यूक्रेन समर्थक देशों को फिर दी ऐसी धमकी

Zoom News : Mar 05, 2022, 09:56 PM
मॉस्को: यूक्रेन से जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने शनिवार को कहा कि इस समय ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण रूस में मार्शल लॉ लगाना पड़े. आपको बता दें कि पुतिन ने बयान ऐसे समय में दिया है जब इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि रूस में मार्शल लॉ लगाया जा सकता है. 

मार्शल लॉ लगाने की स्थिति नहीं!

पुतिन ने कहा कि मार्शल लॉ उस देश में लगाया जाता है जहां बाहरी हमला होता है. उन्होंने कहा कि वह रूस में ऐसी कोई स्थिति नहीं देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि ऐसी स्थिति पैदा ही न हो.

बाहरी दखल को नहीं स्वीकारा जाएगा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यह भी कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर ‘No Fly Zone’ घोषित करने को मास्को 'युद्ध में शामिल' होना करार देगा. महिला पायलटों के साथ एक बैठक में शनिवार को पुतिन ने कहा कि इस दिशा में उठाए गए किसी भी कदम को रूस एक बाहरी दखल मानेगा और रूस की सेना के प्रति खतरे के तौर पर देखेगा. उन्होंने कहा, 'उसी क्षण हम उन्हें सैन्य संघर्ष में शामिल मानेंगे और इससे फर्क नहीं पड़ेगा कि वे किसके सदस्य हैं.'

NATO से कही ये बात

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने NATO से आग्रह किया है कि उनके देश के ऊपर के वायु क्षेत्र को ‘No Fly Zone’ घोषित किया जाए. NATO का कहना है कि ऐसा ‘No Fly Zone’ घोषित करने से यूक्रेन के ऊपर सभी गैर अधिकृत विमानों पर पाबंदी लग जाएगी जिससे परमाणु अस्त्रों से लैस रूस के साथ यूरोपीय देशों की बड़े स्तर पर जंग छिड़ जाएगी.

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER