स्पोर्ट्स / 11 साल बाद फेडरर-नडाल विंबलडन में आमने-सामने, दोनों के बीच आज 40वां मुकाबला

Dainik Bhaskar : Jul 12, 2019, 12:38 PM
खेल डेस्क. विंबलडन में शुक्रवार को स्पेनिश राफेल नडाल और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा। दोनों खिलाड़ी टूर्नामेंट में 11 साल के बाद आमने-सामने होंगे। यह उनका 40वां मैच होगा। इससे पहले 2008 के फाइनल में नडाल ने फेडरर को 6-4, 6-4, 7-6, 7-6, 9-7 से हराकर खिताब जीता था। दोनों के बीच यह मुकाबला 4 घंटे 48 मिनट चला था।

37 साल के फेडरर ने अपने क्वार्टरफाइनल में जापान के केई निशिकोरी को 4-6, 6-1, 6-4, 6-4 से हराया। वे एक ग्रैंड स्लैम में 100 मैच जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं, 33 साल के नडाल ने बेल्जियम के डेविड गॉफिन को 6-4, 6-0, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। विंबलडन में फेडरर का यह 13वां और नडाल का 9वां सेमीफाइनल मुकाबला है।

फेडरर और नडाल हेड-टू-हेड

विंबलडन में दोनों के बीच यह चौथी टक्कर है। इससे पहले दोनों के बीच 2006, 2007 और 2008 मुकाबला हुआ था। 2006 और 2007 में फेडरर ने नडाल को हराया था। जबकि 2008 में नडाल ने फेडरर को मात देकर खिताब जीता था। अब तक दोनों के बीच कुल 39 मुकाबले हुए। इनमें नडाल ने सबसे ज्यादा 24 और फेडरर ने 15 मुकाबले जीते।

फेडरर ने सबसे ज्यादा 20 ग्रैंड स्लैम जीते

विश्व में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम के मामले में 20 टाइटल के साथ फेडरर टॉप पर हैं। नडाल ने 18 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। फेडरर ने 8 विंबलडन, 6 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 5 यूएस ओपन और एक फ्रेंच ओपन जीता। वहीं, नडाल ने सबसे ज्यादा 12 फ्रेंच ओपन, 3 यूएस ओपन, 2 विंबलडन और एक ऑस्ट्रेलियन ओपन अपने नाम किए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER