देश / कोरोना वायरस के सामने प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मसमर्पण किया : राहुल गांधी

AMAR UJALA : Jun 27, 2020, 03:24 PM
नई दिल्ली | देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को देशभर में 18 हजार से ऊपर नए मामले दर्ज किए गए। इसे लेकर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री खामोश हैं और उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘कोविड-19 देश के नए हिस्सों में तेजी से फैल रहा है। भारत सरकार की उसे हराने की कोई योजना नहीं है। प्रधानमंत्री खामोश हैं। उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है और वे महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ने से इनकार कर रहे हैं।’ कांग्रेस अध्यक्ष का बयान ऐसे समय पर आया है जब केवल छह दिनों में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक लाख का इजाफा हुआ है।

बता दें कि भारत में शुक्रवार को कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर पांच लाख हो गई। केवल छह दिनों में कोविड-19 के मामलों में एक लाख की वृद्धि हुई। वहीं शुक्रवार को पहली बार 18,000 हजार नए मामले सामने आए। वायरस के कारण शुक्रवार को 381 लोगों की मौत हुई। पहली बार चार दिनों में मृतकों की संख्या 400 से कम रही।

राज्य सरकारों के आंकड़े के अनुसार, देश में अब इस खतरनाक वायरस के 5,09,377 मामले सामने आए हैं और 15,681 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 2.95 लाख लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। भारत में इस वायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को 18,572 नए मामले दर्ज किए गए। इससे पहले एक दिन में सामने आए अधिकतम मामलों का रिकॉर्ड 17,870 था। यह पिछले आठ दिनों में मामलों की अधिकतम संख्या थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER