नई दिल्ली / कांग्रेस के 'सत्याग्रह' के बीच दिखा राहुल गांधी का मां सोनिया के लिए प्यार, ठंड से दिलाई राहत

AMAR UJALA : Dec 24, 2019, 11:43 AM
नई दिल्ली | नागरिकता (संशोधन) कानून के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने राजघाट पर सत्याग्रह किया। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर भारतीय संविधान में आस्था जाहिर करते हुए प्रस्तावना पढ़ी। इस मौके पर बापू के पसंदीदा भजन गाए गए।  साथ ही महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ.  अंबेडकर की पुरानी तस्वीरों को मानव श्रृंखला के जरिये दिखाते हुए संविधान के प्रति अपनी आस्था जताई। इसी दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का एक ऐसा रंग नजर आया, जो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। 

बता दें कि सोमवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा और ऐसे में कांग्रेस ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के राजघाट पर सत्याग्रह किया। जहां घर में लोगों की कंपकपी छूट रही थी, ऐसे में कांग्रेस के नेता राजघाट पर ठंड में सत्याग्रह पर बैठे थे। तभी एक ऐसा मौका आया जब राहुल गांधी ने मां सोनिया के लिए कुछ ऐसा किया जो मीडिया के कैमरों में कैद हो गया।

बता दें कि जैसे-जैसे शाम गुजरती जा रही थी दिल्ली की हवा और ठंडी होती जा रही थी। ऐसे में पहले से ही स्वेटर व शॉल पहनी सोनिया गांधी को भी ठंड लगने लगी। तब राहुल गांधी ने उनसे बात की और दोनों के बीच में रखी शॉल को उठा लिया।

उसके बाद राहुल ने शॉल खोली और मां सोनिया को वो शॉल ओढ़ा दिया। ये पूरे पल कैमरों में कैद हो गए और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गए। इस दौरान सोनिया भी बेटे राहुल का प्यार देखकर मुस्कुराती नजर आईं।

यह पहली बार नहीं है जब राहुल ने सोनिया के लिए सार्वजनिक रूप से प्यार जताया है। इससे पहले भी जब राहुल कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे उस दिन उन्होंने सभी के सामने भरे मंच पर मां के माथे को चूमते हुए उन्हें गले लगा लिया था।

राहुल-सोनिया का ये प्यार हमेशा ही सोशल मीडिया की सुर्खियां बनता है। सिर्फ यही नहीं राहुल अपना प्यार बहन प्रियंका के लिए भी सार्वजनिक तौर पर दिखाते रहे हैं। वह प्रियंका को भी गले लगाते रहे हैं। सार्वजनिक तौर पर ऐसा करने में उनके अंदर कोई झिझक भी नहीं देखी गई है। बाद में वही शॉल ओढ़े खुद राहुल गांधी दिखाई दिए। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER