Rajasthan Political Crisis / राज्यपाल की भूमिका पर उठाये सवाल, भीनमाल में कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से की दखल की मांग

Zoom News : Jul 24, 2020, 11:03 PM
जालोर । राजस्थान की अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने की साजिश के विरोध में शुक्रवार शाम को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले के भीनमाल में उपखंड अधिकारी अवधेश मीणा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजस्थान के राज्यपाल इस सियासी संकट में निष्पक्ष भूमिका निभाने की बजाय मोदी सरकार के इशारे पर संदिग्ध भूमिका निभा रहे है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग रखी कि वो विधायकों की खरीद फरोख्त, सरकार को गिराने की साजिश और केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग रोकने को लेकर केंद्र सरकार को हिदायत दें। 

कांग्रेस नेता एडवोकेट श्रवण सिंह राठौड़ और नगर पालिका के उपाध्यक्ष प्रेमराज बोहरा के नेतृत्व में शुक्रवार शाम भीनमाल में उपखंड अधिकारी अवधेश मीणा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। 

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और भीनमाल के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। इस दौरान कांग्रेस नेता एडवोकेट श्रवण सिंह राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि राजस्थान की अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य की कांग्रेस सरकार को गिराने को लेकर साजिश चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बहुमत साबित करने के लिए  राज्यपाल महोदय से विधायकों के साथ शुक्रवार को राजभवन जाकर मिले है, लेकिन लगता हैं कि राज्यपाल महोदय केन्द्र सरकार के इशारे पर कार्य कर रहे है। आरोप लगाया कि  राज्यपाल महोदय की भूमिका संदिग्ध है, जिनकी भूमिका पर आमजन को शक हैं कि वे निष्पक्ष व निष्ठा के साथ अपने पद और कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। इसलिए राज्यपाल महोदय को अपने पद की गरिमा व निष्ठा से कार्य करने के लिए हिदायत दिया जाना आवश्यक है।

राठौड़ ने कहा कि वर्तमान समय में हमारे देश प्रदेश सहित पूरी दुनिया कोरोना रूपी महामारी का सामना कर रही हैं। राजस्थान में माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार के कुशल प्रबन्धन से इस पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है, इसके साथ ही लाॅकडाउन के दौरान और उसके बाद भी जरूरतमंदों की सहायता के लिये राजस्थान सरकार ने महत्वपूर्ण योजना लाकर आमजन का राहत पहुंचाई हैं। ऐसे समय में केन्द्र सरकार और बीजेपी के इशारे पर पूर्ण बहुमत से निर्वाचित सरकार का अस्थिर करने क प्रयास लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम हैं।

ऐसी विकट परिस्थिति के समय केन्द्र सरकार की ओर से सी.बी.आई, ईडी और इन्कम टेक्स जैसी सरकार ऐजेंसी राजस्थान में कांग्रेस नेताओं के यहां दुर्भावनापूर्ण तरीके से छापामार कार्यवाही करवाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का यह तानाशाही रवैया असहनीय हैं। यह विषय राजस्थान के आमजन की भावना से जुड़ा हुआ हैं, केन्द्र सरकार और बीजेपी के इस रवैये से प्रदेश की जनता एवं कांग्रेसजनों में भारी रोष व्याप्त है। राठौड़ ने राष्ट्रपति से मांग की कि सादर अनुरोध है कि केंद्रीय सरकारी ऐजेंसी के दुरूपयोग पर रोक लगाने के साथ ही देश प्रदेश में लोकतन्त्र की रक्षा के लिए आवश्यक एवं ठोस कदम उठावे। विश्वास है कि भारत में संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती और लोकतंत्र की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाएंगे।

इस दौरान नगर पालिका के उपाध्यक्ष प्रेमराज बोहरा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार की साजिश के खिलाफ हम सब सड़कों पर उतर कर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी इस मुद्दे पर एकजुट है। 

इस दौरान कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह दहिया, एडवोकेट ईश्वर सिंह देवड़ा, शिव नारायण विश्नोई, एडवोकेट  सैयद अजमत अली,  कांग्रेस नेता सीएल गहलोत,  इकबाल खान बाली, पूर्व सरपंच अजीत सिंह बाली, कांग्रेस के  पंचायत समिति के पूर्व सदस्य हरदान सिंह चौहान भागल सेफ्टा, एडवोकेट श्रवण ढाका, एडवोकेट आशु सिंह सेरना, एडवोकेट पृथ्वी सिंह बागोड़ा, एडवोकेट कानाराम देवासी, सांवलाराम सैन बाली, व्यवसायी पारसराम माली, युवा नेता हीराराम जीनगर आदि इस दौरान मौजूद थे।

अशोक गहलोत जिंदाबाद के नारे भी लगे

ज्ञापन के बाद कांग्रेस पार्टी के समर्थकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थन में नारेबाजी भी ई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER