Rajya Sabha Election / 19 सीटों पर सियासी दंगल, कौन मारेगा बाजी

News18 : Jun 19, 2020, 02:33 PM
नई दिल्ली। विभिन्न राज्यों में राज्यसभा के लिए खाली हुईं 19 सीटों पर आज वोटिंग प्रक्रिया जारी है। आज के चुनाव में 19 सीटों में से 8 पर कड़ी टक्कर की उम्मीद है। इस समय राज्यसभा में बीजेपी के पास 75 और कांग्रेस के पास 39 सीटें हैं।

इन सीटों पर हैं मुकाबला

जिन 19 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं उनमें आंध्र प्रदेश और गुजरात में 4-4, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 3- 3, झारखंड में 2 तथा मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में एक-एक सीट हैं।

बड़े राज्यों में है कांटे की टक्कर

इन सीटों पर चुनाव में बड़े राज्यों जैसे राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और आंध्र प्रदेश में कांटे की टक्कर है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थकों के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पार्टी की स्थिति थोड़ी कमजोर दिख रही है। MP में एक-एक सीट पर कांग्रेस और बीजेपी आसानी के साथ जीत जाएंगे। तीसरी सीट को लेकर पेच फंसेगा।

इसी तरह राजस्थान की सीटों पर कड़ी टक्कर है लेकिन माना जा रहा है कि मुख्मंत्री अशोक गहलोत अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का असर दिखा सकते हैं। गुजरात कांग्रेस ने दो प्रत्याशी खड़े किए हैं लेकिन दो उम्मीदवार जिताने के लिए उसके पास पांच सीटें कम हैं। वहीं, बीजेपी ने तीन प्रत्याशी खड़े किए हैं लेकिन उसके पास भी सीटें कुछ कम हैं। देखना होगा कि गुजरात की लड़ाई में दोनों पार्टियां किस लामबंदी करती हैं। गुजरात की 4 में से 2 सीटों पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है। 1 सीट पर पेच फंसा है।

दक्षिण के राज्य आंध्रप्रदेश में भी चार सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। माना जा रहा है कि वोटिंग के दौरान आंध्र के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की पार्टी का ज्यादा सीटों का असर दिखेगा। सामने चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी है। नायडू आंध्र की राजनीति के पुराने खिलाड़ी हैं और मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसलिए यहां भी कांटे की टक्कर है।

झारखंड में दो सीटों पर जंग

झारखंड में दो सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। सत्ताधारी गठबंधन की तरफ से शीबू सोरेन तो राज्यसभा पहुंच जाएंगे लेकिन कांग्रेसी उम्मीदवार को मुश्किलों को सामना करना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि दूसरी सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी का पड़ला भारी रह सकता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER