बॉलीवुड / रणबीर कपूर के हमशक्ल का हुआ निधन, बेटे की तरह हूबहू दिखने पर ऋषि कपूर ने भी की थी तारीफ

AMAR UJALA : Jul 17, 2020, 04:32 PM
Bollywood: मशहूर कश्मीरी मॉडल जुनैद शाह का निधन हो गया है। जुनैद शाह बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की तरह हूबहू दिखने की वजह से काफी चर्चा में रहते थे। जुनैद शाह अभिनेता रणबीर कपूर जैसे ही दिखते थे। उनका निधन कार्डिएक अरेस्ट के चलते श्रीनगर के इलाही बाग में घर पर हुआ। इस बात की जानकारी कश्मीर के मशहूर पत्रकार यूसुफ जुनैद ने दी है। यूसुफ जुनैद ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर बताया कि जुनैद शाह इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'देर रात हमारे पड़ोसी निसार अहमद शाह का बेटा जुनैद शाह कार्डिएक अरेस्ट के चलते दुनिया छोड़कर चला गया। लोग उन्हें बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर का हमशक्ल बताते थे।' 

गौरतलब है कि जुनैद शाह, रणबीर कपूर के हमशक्ल के रूप में काफी मशहूर थे। इस वजह से सोशल मीडिया पर उनके चहाने वालों की संख्या भी बहुत ज्यादा थी। जुनैद शाह भी रणबीर कपूर के स्टाइल और पहनावे को फॉलो करते थे। फैंस के अलावा खुद रणबीर कपूर के पिता और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने भी जुनैद शाह की सोशल मीडिया पर तारीफ की थी। साल 2015 में अभिनेता ऋषि कपूर ने बेटे रणबीर कपूर और जुनैद शाह की तस्वीर के कोलाज को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर साझा किया था। जिसमें उन्होंने जुनैद शाह की तारीफ की थी। ऋषि कपूर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'हे भगवान मेरे बेटे का हमशक्ल !!! विश्वास नहीं हो रहा है। एक अच्छा हमशक्ल।'

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो साल 2007 में जब रणबीर कपूर ने फिल्म सांवरिया से बॉलीवुड में डेब्यू किया था तो उस समय जुनैद शाह कॉलेज में पढ़ते थे। इस फिल्म से बाद लोग जुनैद को रणबीर कपूर का हमशक्ल बताने लगे। जुनैद शाह ने कश्मीर यूनिवर्सिटी से एमबीए किया था। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग करना शुरू कर दिया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER