Rape Case / थाने में 3 दिन तक महिला से रेप, SI बर्खास्त, CO पर भी गाज

Zoom News : Mar 08, 2021, 09:07 PM
राजस्थान के अलवर में खेड़ली थाने के अंदर पीड़िता से दुष्कर्म का मामला सोमवार को विधानसभा में गूंजा तो मामले में चार पुलिस अधिकारियों पर गाज गिर गई। खेड़ली थाने के आरोपी एसआई भरत सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है, एसएचओ हनुमान सहाय, हेड कांस्टेबल प्रकाशचंद्र को सस्पेंड कर दिया है और सीओ अशोक सिंह को पद से हटा दिया है। 

बता दें कि, पीड़िता ने रविवार को एसआई भरत सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पहले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। सदन में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने कहा कि यह शर्म की बात है कि, महिला दिवस पर ही गरिमा तार-तार हो गई। खेड़ली में जिन लोगों को रक्षक की भूमिका दी गई थी, वही भक्षक बन बैठे।

आपको बता दें कि, रविवार को खेड़ली थाने में 26 वर्षीय महिला से रेप का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें पीड़िता ने बताया था कि वह पति की प्रताड़ना से परेशान होकर प्राथमिकी दर्ज कराने थाने पहुंची थी। जिसके बाद खेड़ली थाने में तैनात SI भरत सिंह ने उन्‍हें पति से विवाद के निपटारे का झांसा दिया और उसके साथ थाना परिसर में स्थित अपने आवास में 3 दिन तक रेप किया। 

थाने के अंदर ही दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को ही रेंज आईजी हवा सिंह घूमरिया व एसपी तेजस्वनी गौतम भी थाने पहुंचे थे। तत्काल एक्शन लेते हुए दोषी को पहले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। इस केस ने जब तूल पकड़ा तो आरोपी सब इंस्पेक्टर भरत सिंह के खिलाफ राज्य सरकार ने कड़ा फैसला लेते हुए उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद्र ने महिला के द्वारा दिए गए परिवाद के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर दर्ज परिवाद की चार तारीख को काटकर पांच कर दिया था। साथ ही इस मामले में एसएचओ हनुमान सहाय पर गाज इसलिए गिरी है क्योंकि वह खेड़ली थाने का प्रभारी है, ऐसे में पूरे थाने के सुपरविजन की जिम्मेदारी उसी पर थी। इसके बाद थाने में अंदर महिला से दुष्कर्म होने की घटना सामने आने के बाद उसे भी सुपरविजन में गंभीर लापरवाही मिलने पर सस्पेंड कर दिया है। 

इसी कड़ी में सीओ अशोक सिंह अपनी लापरवाही के चलते शंट कर दिए गए क्योंकि खेड़ली थाना लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में आता है। ऐसे में मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सीओ पर होती है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद रेंज आईजी व एसपी मौके पर पहुंचे थे। लेकिन वह उस दौरान भी गायब मिले थे, जिसके चलते उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि जयपुर रेंज के आईजी हवा सिंह घुमारिया ने राज्य सरकार के आदेश पर भरत सिंह की बर्खास्त कर दिया है। साथ ही इस मामले में संलिप्त रहे हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद को निलंबित कर दिया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER