अच्छी खबर / भारत में बढ़ रहा रिकवरी रेट, महाराष्ट्र में कोरोना के 93 हजार मरीज ठीक, जानें अपने राज्य का हाल

News18 : Jul 02, 2020, 08:03 PM
नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 (Covid-19) के मरीजों की संख्या 6 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। जून महीने में कोरोना मरीजों की संख्या में बहुत तेजी के साथ इजाफा हुआ है। लेकिन इन सबके बीच एक आशा की किरण (Silver Lining) भी है। दरअसल भारत में कोविड-19 से ठीक होने का रिकवरी रेट अब 60 प्रतिशत (60 Percent Recovery Rate) के पास पहुंच गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान देश में 11,881 मरीज कोरोना को हराकर स्वस्थ हुए हैं। और इसी के साथ भारत में स्वस्थ हुए कोरोना मरीजों की संख्या 3,59,859 हो चुकी है। भारत में कोविड-19 का रिकवरी रेट 59.52 प्रतिशत हो गया है। अब भारत में कोरोना के कुल एक्टिव केस 2,26,947 ही हैं।

15 राज्यों के आंकड़े

स्वास्थ्य मंत्रालय ने 15 राज्यों में कोरोना रिकवरी रेड के आंकड़े जारी किए हैं। इन राज्यों में 93,154 के आंकड़े के साथ महाराष्ट्र नंबर वन पर है। गौरतलब है कि भारत में अब तक कोरोना का सबसे घातक असर महाराष्ट्र और विशेष रूप से मुंबई शहर पर पड़ा है। रिकवर हो चुके मरीजों की संख्या के मामले में दिल्ली दूसरे नंबर पर है और तमिलनाडु तीसरे नंबर पर है। इसके बाद गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, कर्नाटक,बिहार, आंध्रप्रदेश, असम, ओडिशा का नंबर है।

त्रिपुरा का डेथ रेट बेहद कम

इस बीच उत्तर-पूर्व के राज्य त्रिपुरा की डेथ रेट बेहद कम रही है। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 14 सौ मामले सामने आए हैं। जिनमें एक हजार से ज्यादा ठीक हो चुके हैं। अब तक कोरोना की वजह से राज्य में सिर्फ एक व्यक्ति की मौत हुई है। त्रिपुरा सरकार ने राज्य में लोगों की इम्यूनिटी बेहतर करने के लिए विटामिन-C से भरपूर फल फ्री में बांटने की योजना बनाई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER