Zoom News : Sep 14, 2019, 06:41 PM
जोधपुर. बनाड़ रोड पर सेन्ट्रल अकादमी स्कूल के पीछे कुछ देर पहले पुलिस व बदमाशों के बीच फायरिंग की वारदात हुई। 007 गैंग सरगना सहीराम बिश्नोई व साथियों ने नाकाबंदी कर रहे पुलिस उपायुक्त पूर्व धर्मेन्द्र सिंह पर दो गोली चलाई। दोनों गोलियां पुलिस उपायुक्त की कार पर लगी। डीसीपी धर्मेन्द्र सिंह ने भी जवाबी फायरिंग की जिससे 007 गैंग सरगना सहीराम बिश्नोई के पांव में एक गोली लगी। पांव में गोली लगने से घायल सहीराम बिश्नोई को कड़ी सुरक्षा में पकड़ लिया गया है।
सहीराम बिश्नोई के साथ एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त पूर्व धर्मेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में गैंग के फरार सरगना की सारण नगर क्षेत्र में सघन तलाशी चल रही है। सारण नगर में निजी विद्यालय के पीछे झाडिय़ों में भागने की आशंका होने से पुलिस क्षेत्र में छापेमारी कर रही है। बदमाश की तलाश में पुलिस के साथ सेना के जवान व कमांडो भी जुटे। सेना के जवानों की मदद से चल रही है छापेमारी। वहीं घायल सहीराम बिश्नोई को मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। वहां कडी सुरक्षा के बीच चिकित्सक उसके पांव का एक्सरे करवा रहे है।