दुनिया / भ्रष्टाचार को लेकर सऊदी अरब की बड़ी कार्रवाई, शाही परिवार के दो सदस्यों को हटाया

AMAR UJALA : Sep 02, 2020, 09:15 AM
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मोहम्मद बिन सलमान ने शाही परिवार के दो सदस्यों समेत कई अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया है। हालांकि इन अधिकारियों को हटाने का आदेश यहां के 84 वर्षीय बादशाह किंग सलमान ने दिया है। सऊदी ने जिन लोगों को भ्रष्टाचार के आरोप में उनके पद से हटाया है उसमें सऊदी अरब के सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रिंस फहद बिन तुर्की बिन अब्दुल अजीज और उनके बेटे समेत अन्य चार लोग शामिल हैं। बता दें कि प्रिंस फहद बिन तुर्की सऊदी के बादशाह के भतीजे हैं।

इसके अलावा उनके बेटे प्रिंस अब्दुल बिन फहद बिन तुर्की को सऊदी के उत्तर पश्चिम में मौजूद अज जौफ क्षेत्र के गवर्नर पद से हटाने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि इन आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात अभी पुख्ता नहीं है। ऐसा बताया जा रहा है कि 84 वर्षीय बादशाह के कहने पर चार अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

सऊदी की खबरों के मुताबिक इस कार्रवाई के पीछे रक्षा मंत्रालय में संदिग्ध वित्तीय लेनदेने का कारण बताया जा रहा है।



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER