Dainik Bhaskar : Feb 12, 2020, 04:58 PM
जोधपुर | देशभर में लड़के लड़की में भेदभाव ना हो इसके लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है और कड़े कानून भी बनाए गए हैं लेकिन आज भी आम लोगों की मानसिकता को बदलने में कामयाब नहीं हो पाई है। जोधपुर मैं एक ऐसा मामला सामने आया है। पहली पत्नी से हुए पांच लड़कियों के पश्चात बेटे की चाह में एक युवक ने दूसरी शादी रचा ली। दूसरी पत्नी से लड़का होते ही उसके साथ मारपीट कर दो लाख लेकर लड़का सौंपने की शर्त रख दी। महिला के मना करने पर युवक ने इस महिला को तीन तलाक दे बीच मझधार में छोड़ दिया है। साथ ही अब तीसरी शादी भी कर ली। जोधपुर के नागोरी गेट क्षेत्र में रहने वाले अब्दुल सत्तार की पत्नी से उसके 5 पुत्रियां पैदा हुई। हर बार बेटे की चाहत में उसने बच्चे पैदा किए लेकिन हर बार उसकी गोद में बेटी आई। अब्दुल सत्तार को लगा कि इस पत्नी की कोख से उसे बेटा नहीं मिल पाएगा। बेटे की हसरत में उसने सुल्ताना नाम की युवती से दूसरा निकाह किया। थोड़े ही समय में सुल्ताना गर्भवती हुई और अब्दुल सत्तार की सालों पुरानी ख्वाहिश भी पूरी हो गई सुल्ताना ने एक बेटे को जन्म दिया। अब्दुल ने अपनी पत्नी सुल्ताना को अपने पहले विवाह के बारे में कभी नहीं बताया और 7 साल पहले हुए निकाह के राज को छुपाए रखा। बेटे के जन्म के महज एक साल बाद अब्दुल्ला अपने ही बेटे की बोली लगा दी और सुल्ताना से कहा दो लाख और बेटा मुझे सौंप दो। जिसके बाद सुल्ताना के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। सुल्ताना ने पैसे की एवज में अपना बेटा देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद अब्दुल सत्तार लगातार सुल्ताना के साथ मारपीट करता रहता था और उसे एक बार तो बुरी तरह से घायल कर दिया। बाद में उसने सुल्ताना को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद सुल्ताना ने महिला पुलिस थाने में अपने पति के खिलाप मामला दर्ज कराया है। सुल्ताना का आरोप है कि उसका पति तीसरी शादी कर चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।